बिहार : डीएम के ईख विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में तेजी लाने के निर्देश

गोपालगंज: जिले में ईख विकास कार्यक्रमों की धीमी प्रगति को लेकर जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने कड़ा रुख अपनाया है। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने ईख विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया।

‘भास्कर’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, समीक्षा के दौरान डीएम ने विभिन्न योजनाओं के तहत हो रही प्रगति की जानकारी ली। इस क्रम में विष्णु शुगर मिल की वित्तीय उपलब्धि अपेक्षित स्तर के अनुरूप न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे गंभीरता से लेने का आदेश दिया। डीएम ने आधार बीज उत्पादन कार्यक्रम, प्रमाणित बीज वितरण, बड चीप प्रत्यक्षण योजना और गन्ना यांत्रिकीकरण योजना की स्थिति की अलग-अलग समीक्षा की और अधिकारियों को इन योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सहायक निदेशक ईख विकास, ईख पदाधिकारी के साथ-साथ भारत शुगर मिल सिधवलिया और विष्णु शुगर मिल गोपालगंज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विष्णु शुगर मिल की ओर से गन्ना प्रबंधक गिरिजेश सिंह और भारत शुगर मिल सिधवलिया की ओर से गन्ना प्रबंधक संजीव शर्मा बैठक में शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here