इस्लामाबाद : संघीय राजस्व बोर्ड (FBR) ने ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन ऑफ पाकिस्तान (TCP) के माध्यम से होने वाले चीनी आयात पर टैक्स छूट और कम ड्यूटी दरों की समय सीमा बढ़ाकर 28 फरवरी 2026 कर दी है। यह जानकारी आधिकारिक अधिसूचनाओं में दी गई है। यह विस्तार अधिकतम 5 लाख मीट्रिक टन चीनी के आयात पर लागू होगा, जिसके तहत कस्टम ड्यूटी से छूट जारी रहेगी और अन्य करों में भी रियायती दरें लागू रहेंगी।
नए प्रावधानों के अनुसार, बिक्री कर (सेल्स टैक्स) को 18% से घटाकर सिर्फ 0.25% कर दिया गया है। वहीं, आयकर अध्यादेश की धारा 148 के तहत आयात मूल्य पर 0.25% की दर से विदहोल्डिंग टैक्स भी लगाया जाएगा। FBR ने पहले निर्धारित 30 नवंबर 2025 की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 28 फरवरी 2026 कर दिया है, जिससे आयातक इस रियायत का लाभ आगे भी उठा सकेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, इस फैसले से चीनी आयात पर कुल टैक्स बोझ में काफी कमी आएगी।सामान्य तौर पर चीनी आयात पर लगभग 47.5% तक टैक्स लगता है, जिसमें 20% कस्टम ड्यूटी, 18% सामान्य बिक्री कर, 3% वैल्यू एडेड टैक्स और 6.5% आयकर शामिल होता है। लेकिन मौजूदा व्यवस्था में इनमें से अधिकांश कर हटा दिए गए हैं और कुल मिलाकर लगभग 5% टैक्स ही लागू रहेगा।
यह रियायत Commerce Division के माध्यम से TCP या निजी क्षेत्र द्वारा किए जाने वाले आयात पर लागू होगी, बशर्ते कि कोटा आवंटन और तत्काल तथा भविष्य की जरूरतों से संबंधित शर्तों का पालन किया जाए। साथ ही, कॉमर्स डिवीजन को निर्देश दिया गया है कि आयातित चीनी की गुणवत्ता की जांच एक अंतरराष्ट्रीय निरीक्षण एजेंसी से कराई जाए। पहले इस छूट का लाभ लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2025 थी, जिसे अब नए निर्णय के तहत बढ़ाकर 28 फरवरी 2026 कर दिया गया है।


















