नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) ने 20% से अधिक एथेनॉल मिश्रण (ब्लेंडिंग) की आपूर्ति करने की पेशकश की है। AIDA का कहना है कि, इससे भारत की आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता अनुपातिक रूप से कम हो सकती है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को लिखे पत्र में AIDA की उपमहानिदेशक भारती बालाजी ने कहा कि, एथेनॉल उद्योग देश द्वारा हासिल किए गए E20 लक्ष्य से आगे जाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने पत्र में लिखा कि, मध्य पूर्व में युद्ध जैसी स्थिति और तेल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए एथेनॉल उद्योग 20% से अधिक मिश्रण देने को तैयार है, जिससे कच्चे तेल के आयात में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि, ऐसा कदम आपूर्ति में बाधाओं और देश पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव को कम करने में मदद करेगा।भारत ने 2025 में निर्धारित समय से पहले E20 लक्ष्य हासिल कर लिया था, जिसके तहत पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाया जाता है।यह लक्ष्य नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा ईंधन आयात बिल कम करने और उत्सर्जन घटाने के उद्देश्य से तय किया गया था।
AIDA ने सरकार से एथेनॉल ब्लेंडिंग को चरणबद्ध तरीके से 20% से बढ़ाकर 30% करने की मांग भी की है।इसके अलावा, संगठन ने ब्राजील की तर्ज पर 100% एथेनॉल से चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बढ़ावा देने, घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए एथेनॉल आधारित चूल्हों को प्रोत्साहित करने और लागत कम करने के लिए डीजल में एथेनॉल मिश्रण की संभावनाएं तलाशने का सुझाव दिया है।
AIDA के अनुसार, एथेनॉल आधारित कुकिंग समाधान विशेष रूप से अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा का अच्छा विकल्प बन सकते हैं और यह स्वच्छ ऊर्जा उपलब्धता तथा इनडोर वायु प्रदूषण कम करने के राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप है। भारत का एथेनॉल क्षेत्र वर्तमान में लगभग 2,000 करोड़ लीटर की कुल उत्पादन क्षमता तक पहुंच चुका है, जिसमें 380 से अधिक डिस्टिलरी संचालित हैं और 33 नई इकाइयां निर्माणाधीन हैं।


















