हरारे : जिम्बाब्वे में हाल ही में ईंधन की कीमतों में तेज़ बढ़ोतरी ने एक बार फिर देश के ऊर्जा क्षेत्र की संरचनात्मक कमजोरियों को उजागर कर दिया है। जहां अधिकारी अंतरराष्ट्रीय बाजार की अस्थिरता और मध्य पूर्व में लगातार तनाव को मुख्य कारण बता रहे हैं, वहीं असली और अधिक चिंताजनक सच्चाई देश के भीतर ही मौजूद है। विशेषज्ञों के अनुसार, कई वर्षों से जिम्बाब्वे सरकार यह दावा करती रही है कि, अनिवार्य एथेनॉल मिश्रण विदेशी मुद्रा की समस्या का समाधान है और वैश्विक कीमतों के झटकों से बचाव करता है।लेकिन दक्षिणी अफ्रीका क्षेत्र में सबसे महंगा ईंधन होने की वर्तमान स्थिति इस दावे को झूठ साबित करती है।
कुछ साल पहले सरकार ने बिना मिश्रण वाले पेट्रोल की बिक्री पर लगभग प्रतिबंध लगा दिया और अनिवार्य मिश्रण लागू किया।इससे उपभोक्ताओं के पास विकल्प खत्म हो गया और एक तरह का बंद बाजार तैयार हो गया। सरकार ने इसे आत्मनिर्भरता और आयात में कमी के नाम पर उचित ठहराया। कहा गया कि इससे विदेशी तेल पर निर्भरता कम होगी, विदेशी मुद्रा बचेगी और रोजगार बढ़ेगा। लेकिन वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।
विशेषज्ञ कहते है की, सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि जब मध्य पूर्व में तनाव बढ़ता है और कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो जिम्बाब्वे में भी ईंधन महंगा हो जाता है। यह पेट्रोल के हिस्से के लिए समझ में आता है, क्योंकि वह आयातित है।लेकिन सवाल यह है कि स्थानीय रूप से उत्पादित एथेनॉल भी इतना महंगा क्यों है? एथेनॉल स्थानीय गन्ने से बनता है और इसका उत्पादन अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार से सीधे जुड़ा नहीं है। फिर भी इसकी कीमत आयातित पेट्रोल के बराबर या उससे भी ज्यादा रहती है।
उदाहरण के तौर पर, बीरा बंदरगाह पर पेट्रोल की कीमत लगभग 1.09 डॉलर प्रति लीटर है, जबकि एथेनॉल की कीमत लगभग 1.10 डॉलर प्रति लीटर है। इसका मतलब यह है कि, शुद्ध पेट्रोल आयात करना, उसे एथेनॉल के साथ मिलाने से सस्ता पड़ता है। वैश्विक स्तर पर एथेनॉल की कीमत आमतौर पर 0.50 से 0.70 डॉलर प्रति लीटर के बीच होती है, लेकिन जिम्बाब्वे में यह इससे काफी अधिक है। इसका नतीजा यह है कि, एथेनॉल कीमत कम करने के बजाय ईंधन को और महंगा बना रहा है।
इस नीति का आम जनता पर गंभीर असर पड़ रहा है। जिम्बाब्वे में ईंधन की कीमतें 2.17 डॉलर प्रति लीटर तक पहुंच चुकी हैं, जो क्षेत्र में सबसे अधिक हैं। महंगा ईंधन महंगाई को बढ़ाता है—परिवहन महंगा होता है, और उसके साथ ही खाने-पीने और रोजमर्रा की चीज़ों की कीमतें भी बढ़ जाती हैं। एक ही कंपनी का एथेनॉल पर नियंत्रण इस समस्या को और बढ़ाता है। प्रतिस्पर्धा के अभाव में न तो कीमतें कम होती हैं और न ही दक्षता बढ़ती है।


















