जकार्ता: भारतीय दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी टीवीएस मोटर कंपनी इंडोनेशिया में अपने विनिर्माण कारोबार का विस्तार करने की योजना बना रही है। कंपनी देश में नई या मौजूदा उत्पादन सुविधा का विस्तार करने के साथ-साथ इलेक्ट्रिक और एथेनॉल से चलने वाली मोटरसाइकिलों के विकास की संभावनाओं पर भी काम कर रही है। कंपनी इंडोनेशिया में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। टीवीएस मोटर ने 17 सितंबर को जकार्ता स्थित मर्देका पैलेस में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ हुई बैठक में अपने निवेश और विस्तार की योजनाओं पर चर्चा की। बैठक में निवेश एवं डाउनस्ट्रीमिंग मंत्री तथा निवेश समन्वय बोर्ड (BKPM) के अध्यक्ष रोसन रोएसलानी भी मौजूद थे।
इलेक्ट्रिक के साथ एथेनॉल वाहनों पर भी जोर
टीवीएस पहले से ही इंडोनेशिया में मोटरसाइकिल, स्कूटर और तीन पहिया वाहनों का निर्माण करती है। प्रस्तावित विस्तार के बाद कंपनी की उत्पादन क्षमताओं में बढ़ोतरी हो सकती है। इसमें इलेक्ट्रिक और एथेनॉल से चलने वाले दोपहिया वाहन प्रमुख तकनीकों में शामिल हैं।रोसन रोएसलानी के अनुसार, TVS अपनी फैक्ट्री का विस्तार करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कंपनी का ध्यान केवल इलेक्ट्रिक वाहनों पर ही नहीं रहेगा, बल्कि एथेनॉल ईंधन को भी अपनाया जाएगा।
सरकार और शोध टीमों का मिल सकता है सहयोग
बैठक में TVS ने इंडोनेशिया में अपनी भविष्य की विकास योजनाएं प्रस्तुत कीं और आगे के संभावित सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा की। रोसन रोएसलानी ने टीवीएस के अधिकारियों के साथ बैठक को एक औपचारिक शिष्टाचार मुलाकात बताया।उन्होंने कहा कि, प्रस्तावित सहयोग के तहत इलेक्ट्रिक और एथेनॉल चालित मोटरसाइकिलों के विकास पर काम किया जाएगा। इन तकनीकों के विकास में संबंधित सरकारी मंत्रालयों और शोध टीमों से सहयोग मिलने की उम्मीद है।इंडोनेशिया में टीवीएस का यह संभावित विस्तार कंपनी के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और वैकल्पिक ईंधन आधारित दोपहिया वाहनों के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।


















