नई दिल्ली : भारतीय चीनी मिलें फिर से निर्यात बाजार में लौट आई हैं और एक सप्ताह में 1,00,000 मीट्रिक टन चीनी के सौदे कर चुकी हैं। रॉयटर्स से बात करने वाले पांच व्यापारियों ने बताया कि, रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर गिरने और वैश्विक कीमतों में तेजी आने से विदेशी बिक्री का गणित फिर से लाभदायक हो गया है। दुनिया के दूसरे सबसे बड़े चीनी उत्पादक देश भारत से होने वाली ये शिपमेंट एशिया और अफ्रीका के उपभोक्ताओं को बढ़ती माल ढुलाई लागत और वैश्विक कीमतों के बीच अपेक्षाकृत कम कीमत पर चीनी उपलब्ध कराने में मदद करेंगी। वर्तमान में वैश्विक कीमतें पिछले पांच महीनों के उच्चतम स्तर के करीब हैं।
मुंबई स्थित एक वैश्विक ट्रेड हाउस के डीलर ने कहा, युद्ध ने अचानक सब कुछ बदल दिया है। इससे वैश्विक चीनी कीमतें बढ़ी हैं क्योंकि एथेनॉल की मांग बढ़ने की उम्मीद है, और रुपये को रिकॉर्ड निचले स्तर पर धकेल दिया है। कई हफ्तों की सुस्ती के बाद अब निर्यात सौदे बढ़ने लगे हैं। पिछले एक सप्ताह में करीब 1,00,000 टन के सौदे हो चुके हैं और आगे और बढ़ने की संभावना है। मध्य पूर्व में संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि हुई है, जिससे यह उम्मीद बढ़ गई है कि शीर्ष गन्ना उत्पादक ब्राजील अधिक गन्ने को एथेनॉल उत्पादन में लगाएगा। डीलरों के अनुसार, भारतीय चीनी लगभग 450 डॉलर प्रति टन (एफओबी आधार पर) पर ऑफर की जा रही है, और श्रीलंका के साथ-साथ अफ्रीकी देश जैसे जिबूती, तंजानिया और सोमालिया अप्रैल और मई के लिए शिपमेंट बुक कर रहे हैं।
मिलों ने इस सीजन (जो सितंबर में समाप्त होगा) में अब तक 5,50,000 टन निर्यात के लिए अनुबंध किए हैं। मुंबई स्थित MEIR कमोडिटीज इंडिया के प्रबंध निदेशक राहिल शेख के अनुसार, इस सीजन में कुल चीनी निर्यात लगभग 15 लाख टन तक पहुंच सकता है। युद्ध समाप्त होने के बाद अफगानिस्तान, कजाकिस्तान, उज़्बेकिस्तान और मध्य पूर्व से मांग बढ़ने की उम्मीद है।
भारत ने फरवरी में चीनी निर्यात कोटा बढ़ाकर 20 लाख टन कर दिया था, जिसमें पहले स्वीकृत 15 लाख टन में 5 लाख टन और जोड़े गए। हालांकि, मिलों ने अतिरिक्त कोटे में से केवल 87,587 टन के लिए ही आवेदन किया, जिससे अधिकांश हिस्सा उपयोग नहीं हो सका। वैश्विक ट्रेड हाउस के एक नई दिल्ली स्थित डीलर ने बताया कि, विदेशी खरीदारों में भारतीय चीनी की मांग तो है, लेकिन लॉजिस्टिक समस्याएं निर्यात में बाधा बन रही हैं। कंटेनरों की कमी और बढ़ते माल भाड़े की दरें बड़ी चुनौती हैं।
उन्होंने कहा कि, एशियाई खरीदारों के लिए भारतीय चीनी आकर्षक हो सकती है क्योंकि भारत से दक्षिण एशिया तक माल ढुलाई लागत ब्राजील से चीनी भेजने की तुलना में काफी कम है। उन्होंने कहा, रुपये के गिरने से मिलों को स्थानीय बिक्री के बजाय निर्यात में बेहतर कीमत मिल रही है। 2026 में अब तक भारतीय रुपया 4.5% गिरकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है, जबकि ब्राजीलियाई रियल 3% मजबूत हुआ है।


















