अगस्त में कच्ची चीनी की वैश्विक कीमतों में 13% उछाल, सट्टेबाजी वाले फंडों की खरीदारी से तेजी

नई दिल्ली : अगस्त 2026 के दौरान वैश्विक कच्ची चीनी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। इंटरनेशनल शुगर ऑर्गनाइजेशन (ISO) की 7 सितंबर 2026 को जारी अगस्त मार्केट रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर वायदा अनुबंध की कीमत महीने की शुरुआत में करीब 15 अमेरिकी सेंट प्रति पाउंड थी, जो 31 अगस्त तक बढ़कर 17.8 सेंट प्रति पाउंड पहुंच गई। सितंबर की शुरुआत में कीमतें 18 सेंट प्रति पाउंड के स्तर को भी पार कर गईं। रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में आईएसए डेली रॉ शुगर प्राइस का औसत 17.4 अमेरिकी सेंट प्रति पाउंड रहा। यह जुलाई की तुलना में 2 सेंट यानी करीब 13 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह सफेद चीनी की कीमतों में भी तेजी रही। अगस्त में आईएसओ व्हाइट शुगर इंडेक्स का औसत भाव 513 डॉलर प्रति टन रहा, जो जुलाई के मुकाबले करीब 47 डॉलर यानी 10 प्रतिशत अधिक है। वहीं, सफेद चीनी का सामान्य प्रीमियम जुलाई के 127 डॉलर से बढ़कर अगस्त में 130 डॉलर प्रति टन हो गया।

भारत के आयात फैसले से भी मिला समर्थन

ChiniMandi WhatsApp Channel

ISO के अनुसार, चीनी की कीमतों में तेजी को भारत द्वारा घरेलू खपत के लिए चीनी आयात की अनुमति देने के फैसले से भी मजबूती मिली। भारत ने वर्ष 2016 के बाद पहली बार घरेलू खपत के लिए चीनी आयात की अनुमति दी है। इसके साथ ही यूरोपीय संघ की 2026-27 की चुकंदर आधारित चीनी उत्पादन क्षमता के अनुमान में भी कमी की गई है।हालांकि, ISO ने कहा कि कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी का सबसे बड़ा कारण सट्टेबाजी वाले फंडों की पोजिशनिंग में आया बड़ा बदलाव रहा। जुलाई के अंत में फंडों की शुद्ध स्थिति करीब 1.20 लाख लॉट शॉर्ट थी, जो 1 सितंबर तक बदलकर 1.32 लाख लॉट से अधिक लॉन्ग हो गई। यह बदलाव करीब 1.27 करोड़ टन चीनी के बराबर माना जा रहा है। इस बदलाव के पीछे मजबूत होते अल नीनो पैटर्न के कारण मौसम संबंधी उत्पादन नुकसान की आशंकाओं को प्रमुख वजह माना गया है।

भारत में 10 लाख टन तक आयात की अनुमति

भारत के संबंध में ISO ने बताया कि, सरकार ने ऑफ-क्रॉप अवधि के लिए 10 लाख टन तक चीनी आयात को मंजूरी दी है। हालांकि, वास्तविक रूप से करीब 5 लाख टन चीनी के भारत आने की उम्मीद है। इसमें मुख्य रूप से तटीय क्षेत्रों में स्थित स्वतंत्र रिफाइनरियों द्वारा आयातित कच्ची चीनी का इस्तेमाल किया जा सकता है। ISO के मुताबिक, इससे वैश्विक बाजार में सफेद चीनी की उपलब्धता पर और दबाव पड़ सकता है।

यूरोपीय संघ में उत्पादन अनुमान घटा

इसी बीच यूरोपीय आयोग ने अगस्त में यूरोपीय संघ के 27 देशों के लिए चीनी और इथेनॉल उत्पादन का अनुमान घटाकर 1.34 करोड़ टन कर दिया है। जून में यह अनुमान 1.41 करोड़ टन था।यह उत्पादन 2025-26 के मुकाबले करीब 32 लाख टन कम रहने का अनुमान है। उत्पादन अनुमान में कटौती के पीछे अत्यधिक गर्मी और सूखे के साथ-साथ चीनी चुकंदर की बुवाई के रकबे में 8 प्रतिशत की कमी को प्रमुख कारण बताया गया है।

2026-27 में वैश्विक चीनी बाजार में घाटे का अनुमान

ISO ने अपने तिमाही बाजार परिदृश्य में अनुमान जताया है कि 2026-27 में यूरोपीय संघ, थाईलैंड और मध्य अमेरिका का संयुक्त चीनी उत्पादन 40 लाख टन से अधिक घट सकता है। हालांकि, ब्राजील की चीनी मिलों द्वारा गन्ने से अधिक चीनी उत्पादन की दिशा में लिए जाने वाले फैसले इस कमी की बड़ी भरपाई कर सकते हैं। ISO के 2026-27 के वैश्विक चीनी संतुलन के पहले अनुमान में करीब 2 लाख टन के मामूली घाटे का अनुमान लगाया गया है। वहीं, 2025-26 के लिए वैश्विक अधिशेष का अनुमान 22 लाख टन से घटाकर 11 लाख टन कर दिया गया है। इसका प्रमुख कारण ब्राजील का अपेक्षा से कमजोर उत्पादन बताया गया है। अलग-अलग विश्लेषणों में भी बाजार में घाटे का अनुमान सामने आया है। Covrig Analytics ने 2026-27 में 3 लाख टन के घाटे का अनुमान लगाया है, जबकि पहले उसने अधिशेष का अनुमान लगाया था। वहीं, Green Pool ने अपने घाटे के अनुमान को 33.4 लाख टन से घटाकर 32.4 लाख टन कर दिया है।

मौजूदा कीमतों पर बिकवाली का खतरा

ISO ने हालांकि बाजार को लेकर सावधानी भी जताई है। ब्राजील के पास अभी भी निर्यात के लिए बड़ी मात्रा में चीनी उपलब्ध है और वैश्विक आयात मांग कमजोर बनी हुई है। ऐसे में मौजूदा कीमतें बाजार की वास्तविक मांग और आपूर्ति के मूलभूत आंकड़ों से कुछ हद तक अलग दिखाई दे रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इससे निकट अवधि में तेज बिकवाली का जोखिम बढ़ गया है। हालांकि, मौसम से जुड़ी नई आपूर्ति बाधाओं की आशंका के कारण वायदा कीमतों में फिलहाल अतिरिक्त जोखिम प्रीमियम बना हुआ है। आने वाले समय में मौसम और वैश्विक उत्पादन परिदृश्य चीनी बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here