मनिला : फिलीपींस के चीनी उद्योग से जुड़े श्रमिक संगठन नेशनल कांग्रेस ऑफ यूनियंस इन द शुगर इंडस्ट्री–ट्रेड यूनियन कांग्रेस ऑफ द फिलीपींस (Nacusip–TUCP) ने देश में एथेनॉल मिश्रण को 10 प्रतिशत (E10) से बढ़ाकर 15 प्रतिशत (E15) करने के प्रस्ताव का जोरदार समर्थन किया है। यह प्रस्ताव नेग्रोस ऑक्सिडेंटल के पांचवें जिले के प्रतिनिधि एमिलियो बर्नार्डिनो युलो ने रखा है।
Nacusip–TUCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोलांड डी ला क्रूज़ ने कहा कि, श्रमिकों के दृष्टिकोण से यह केवल ऊर्जा नीति नहीं, बल्कि हजारों गन्ना श्रमिकों, मिल कर्मचारियों और बायोएथेनॉल संयंत्रों में काम करने वाले लोगों के लिए जीवनरेखा है, जिनकी आजीविका इस उद्योग की स्थिरता और विस्तार पर निर्भर करती है। उन्होंने बताया कि, E15 लागू होने से देश में उत्पादित बायोएथेनॉल की मांग बढ़ेगी, जिससे उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों व श्रमिकों की आय अधिक सुरक्षित होगी। उन्होंने कहा, बायोएथेनॉल का हर लीटर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार को बनाए रखने में मदद करता है, जहां रोजगार के अवसर सीमित होते हैं।
डी ला क्रूज़ ने श्रम एवं रोजगार विभाग (DOLE) के तहत सोशल अमेलियोरेशन एंड वेलफेयर प्रोग्राम (SAWP) को श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच बताया।इस योजना के तहत शीरे (मोलासेस) से बने प्रत्येक लीटर बायोएथेनॉल पर 0.07 पेसो का प्रावधान है, जिससे श्रमिकों के लिए आजीविका परियोजनाएं, आपात सहायता और वित्तीय लाभ दिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि, E15 लागू होने से इस फंड में बढ़ोतरी होगी, जिससे श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा तंत्र को मजबूती मिलेगी। उत्पादन बढ़ने पर स्थानीय उत्पादकों की बिक्री भी बढ़ेगी और इससे मिलने वाली राशि का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे श्रमिकों को बोनस या वित्तीय लाभ के रूप में मिलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि, एथेनॉल मिश्रण की अनिवार्यता को कम करना या रोकना श्रमिकों के हितों पर सीधा आघात होगा। Nacusip–TUCP ने SAWP के त्रिपक्षीय परामर्श परिषद में अपनी सक्रिय भूमिका का भी उल्लेख किया, जहां श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और लाभों के निष्पक्ष वितरण के लिए नीतियां बनाई जाती हैं।
संगठन ने नेशनल फेडरेशन ऑफ शुगरकेन प्लांटर्स (NFSP) और कन्फेडरेशन ऑफ शुगर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (Confed) के साथ मिलकर एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को स्थगित करने के किसी भी प्रयास का विरोध किया है। उनका कहना है कि, ऐसा करने से बायोएथेनॉल उद्योग कमजोर होगा, किसानों की आय घटेगी और हजारों श्रमिकों की नौकरियां खतरे में पड़ जाएंगी। डी ला क्रूज़ ने कहा, एथेनॉल मिश्रण को रोकना न केवल उद्योग को कमजोर करेगा, बल्कि श्रमिकों को और अधिक गरीबी की ओर धकेल देगा। उन्होंने विधायकों से अपील की कि, वे इसे केवल आर्थिक बदलाव न मानें, बल्कि इसे श्रमिकों, किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के हित में एक महत्वपूर्ण नीति के रूप में देखें। इस बीच, बढ़ती ईंधन कीमतों को देखते हुए एमिलियो युलो ने पहले ही सरकार से E10 से E15 तक एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की मांग की थी, ताकि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर कम किया जा सके और देश में संभावित ईंधन संकट से बचा जा सके।


















