केनबेरा : यूरोपीय संघ और ऑस्ट्रेलिया के बीच हाल ही में घोषित व्यापार समझौता यूरोप के नवीकरणीय एथेनॉल उद्योग के लिए एक और झटका माना जा रहा है। यह उद्योग पहले से ही EU-मर्कोसुर समझौता के प्रभाव से दबाव में है। ePURE के अनुसार, इस नए समझौते के तहत ऑस्ट्रेलिया को 10,000 टन एथेनॉल के लिए यूरोपीय संघ के बाजार में शुल्क-मुक्त (ड्यूटी-फ्री) पहुंच मिलेगी। इसे एक संवेदनशील क्षेत्र में बड़ी रियायत माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब यूरोपीय उत्पादकों को कम ऊर्जा लागत और अधिक नीतिगत समर्थन पाने वाले वैश्विक प्रतिस्पर्धियों से कड़ी टक्कर मिल रही है।
वहीं EU-मर्कोसुर समझौते के तहत 6,50,000 टन एथेनॉल के लिए टैरिफ रेट कोटा (TRQ) की अनुमति दी गई है, जो पूरे बाजार के लगभग 12 प्रतिशत के बराबर है। इस नए समझौते ने एक बार फिर यह दिखाया है कि यूरोपीय संघ के मुक्त व्यापार समझौतों का संवेदनशील क्षेत्रों—जैसे एथेनॉल—पर समग्र प्रभाव का कोई व्यापक आकलन नहीं किया गया है। यूरोपीय आयोग ने इसे “छोटा कोटा” बताया है, लेकिन यह वर्तमान व्यापार स्तर की तुलना में काफी अधिक है।हाल के वर्षों में यूरोपीय संघ और ऑस्ट्रेलिया के बीच एथेनॉल व्यापार बहुत कम रहा है—2024 में केवल 177 टन आयात हुआ और इससे पहले के वर्षों में तो लगभग कोई व्यापार नहीं हुआ।
ऐसे में मौजूदा व्यापार से कहीं अधिक कोटा देने से यह आशंका पैदा होती है कि, यह समझौता वास्तविक मांग के बजाय नए आयात को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है, जिससे यूरोपीय उत्पादकों पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।विशेषज्ञों का मानना है कि, इस तरह का बड़ा अंतर व्यापार के रुख को मोड़ सकता है या ऑस्ट्रेलिया के जरिए अप्रत्यक्ष व्यापार (ट्रेड डायवर्जन) को बढ़ावा दे सकता है, खासकर तब जब वैश्विक एथेनॉल बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है।
यूरोप का नवीकरणीय एथेनॉल उद्योग एक महत्वपूर्ण रणनीतिक क्षेत्र है, जो ऊर्जा आत्मनिर्भरता, खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन से निपटने और कृषि प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने में मदद करता है।इसके बावजूद, यूरोपीय संघ की नीतियां इस क्षेत्र को कमजोर करती नजर आती हैं, क्योंकि फसल-आधारित एथेनॉल के उपयोग पर सीमा तय की गई है और गैर-ईयू उत्पादकों को बाजार में अधिक पहुंच दी जा रही है।















