बिहार : गन्ने की खेती करने वाले किसानों के लिए खुशखबरी! मुफ्त बीज से लेकर 15 हजार रुपये तक की सब्सिडी का लाभ

पटना : गन्ने की खेती करने वाले किसानों के लिए बिहार सरकार की ओर से कई प्रोत्साहन योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को मुफ्त गन्ना बीज, बीज खरीदने पर सब्सिडी और गन्ने की नर्सरी तैयार करने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य खेती की लागत कम करना, उन्नत किस्मों के बीज को बढ़ावा देना और गन्ने की पैदावार में सुधार करना है।खास बात यह है कि, गन्ने की नर्सरी तैयार करने वाले किसानों को प्रति पौधे के हिसाब से अनुदान दिया जा रहा है। निर्धारित पौध संख्या के अनुसार एक एकड़ में नर्सरी लगाने पर किसान 15 हजार रुपये तक की सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं

ChiniMandi WhatsApp Channel

बिहार सरकार का गन्ना उद्योग विभाग गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए बीज विकास कार्यक्रम चला रहा है। इसके तहत किसानों को अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता और बेहतर गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराए जाते हैं। इन योजनाओं से छोटे और सीमांत किसानों को भी गन्ने की खेती शुरू करने में मदद मिल सकती है।बीज विकास कार्यक्रम के तहत चयनित किसानों को गन्ने का बीज मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है। किसानों की सुविधा के लिए उनके घर तक बीज पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। इससे किसानों को बीज खरीदने और उसे प्राप्त करने के लिए अतिरिक्त परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।

गन्ना बीज खरीदने पर मिलेगी सब्सिडी

मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत किसानों को रियायती दरों पर गन्ने का बीज उपलब्ध कराया जाता है। इसमें किसान की श्रेणी के आधार पर सब्सिडी निर्धारित की गई है।

सामान्य वर्ग: 260 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी।

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति: 310 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी।

इस आर्थिक सहायता से किसान बेहतर और उन्नत किस्मों का गन्ना बीज खरीद सकते हैं। इससे पुरानी किस्मों की जगह अधिक उपयुक्त किस्मों की खेती को बढ़ावा मिलेगा।

आधार बीज उत्पादन करने वाले किसानों को भी लाभ

गन्ने की अच्छी पैदावार के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से आधार बीज उत्पादन योजना चलाई जा रही है। इसके तहत किसानों को ब्रीडर सीड यानी शुरुआती उच्च गुणवत्ता वाला बीज उपलब्ध कराया जाता है।किसान इस बीज से आधार बीज तैयार करते हैं। इसके बाद गन्ना विभाग किसानों से तैयार बीज खरीदता है और उसका उपयोग आगे प्रमाणित बीज तैयार करने के लिए किया जाता है। इस व्यवस्था से किसानों को बीज उत्पादन के साथ उसे बेचकर अतिरिक्त आमदनी करने का अवसर भी मिलता है।

गन्ने की नर्सरी लगाने पर मिल सकता है 15 हजार रुपये तक अनुदान

गन्ना नर्सरी योजना के तहत किसानों को गन्ने के पौधे तैयार करने और उनकी रोपाई के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। योजना में प्रत्येक पौधे पर 1.50 रुपये का अनुदान निर्धारित है।यदि किसान एक एकड़ में लगभग 10 हजार पौधे लगाते हैं, तो उन्हें कुल 15 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है। इससे नर्सरी तैयार करने और गन्ने की खेती शुरू करने का शुरुआती खर्च कम करने में मदद मिलेगी।

कहां और कैसे करें आवेदन?

बिहार सरकार की इन योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक किसान गन्ना उद्योग विभाग के केन केयर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय अपनी जरूरत के अनुसार संबंधित योजना का चयन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी।

आवेदन करने से पहले किसानों को योजना की पात्रता, जरूरी दस्तावेज, बीज की उपलब्धता और आवेदन की अंतिम तारीख की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए। इससे आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here