लखनऊ: राज्य सरकार ने बताया कि, प्रदेश की 57,000 से अधिक ग्रामीण महिलाएं गन्ना उत्पादन से जुड़कर सफल उद्यमी बन गई हैं। यह उपलब्धि राज्य में 2020-21 में शुरू की गई एडवांस्ड गन्ना बीज वितरण योजना के तहत हासिल की गई है। इस योजना के अंतर्गत 37 गन्ना उत्पादक जिलों में 3,163 महिला स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं। इस पहल के जरिए कुल 57,322 महिलाओं को स्वरोजगार मिला है। इसके अलावा अब तक 4.5 लाख से अधिक मानव-दिवस (वर्कडे) भी सृजित किए जा चुके हैं।
इस कदम ने न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति दी है। गन्ना आयुक्त मिनिस्थी एस ने कहा कि, इस पहल से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और कृषि क्षेत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा मिला है। प्रवक्ता के अनुसार, इसमें 10,270 अनुसूचित जाति और 130 अनुसूचित जनजाति की महिलाएं भी शामिल हैं, जो अब आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर रही हैं।
महिला स्वयं सहायता समूहों ने अब तक 60.73 करोड़ गन्ना बीज तैयार किए हैं। इसके बदले उन्हें 77.83 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी प्राप्त हुई है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को बड़े पैमाने पर आर्थिक लाभ मिला है। मिनिस्थी एस ने यह भी बताया कि, विभाग ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ग्रामीण आजीविका मिशन के साथ एक समझौता (MoU) किया है। इसके तहत समितियों में “प्रेरणा कैंटीन” चलाई जाएंगी। महिलाओं को ऋण और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी, जिससे उनके रोजगार के अवसर और आय में और वृद्धि होगी।

















