गन्ने में लाल सड़न रोग का खतरा होगा कम, यूपी में 12 नई किस्मों को मंजूरी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में अब गन्ने की 12 नई किस्मों की खेती का रास्ता साफ हो गया है। इनमें चार किस्में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर और लखनऊ स्थित गन्ना शोध केंद्रों में विकसित की गई हैं, जबकि आठ किस्मों को केंद्र सरकार से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। एबीपी न्यूज़ में प्रकाशित खबर के अनुसार, नई किस्मों का अलग-अलग क्षेत्रों और मौसम की परिस्थितियों में कई वर्षों तक परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान कुछ किस्मों में पुरानी लोकप्रिय किस्मों की तुलना में अधिक उपज और बेहतर चीनी परता पाया गया। खास बात यह है कि इनमें से कई किस्मों में लाल सड़न रोग (रेड रॉट) के प्रति बेहतर प्रतिरोध क्षमता भी सामने आई है।

को.शा.23232 और को.लख.21201 में बेहतर प्रदर्शन

ChiniMandi WhatsApp Channel

शाहजहांपुर गन्ना शोध केंद्र की विकसित को.शा.23232 एक अगेती किस्म है। परीक्षणों में इसकी औसत उपज 95.56 टन प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई, जो मौजूदा प्रमुख किस्म को.0238 की तुलना में 9.44 प्रतिशत अधिक है। इसकी पेड़ी की औसत उपज भी 80.57 टन प्रति हेक्टेयर रही। इस किस्म को लाल सड़न रोग के प्रति बेहतर प्रतिरोधी पाया गया है।वहीं, लखनऊ केंद्र में विकसित को.लख.21201 की औसत उपज 86.57 टन प्रति हेक्टेयर रही। परीक्षण में इसमें को.0238 की तुलना में चीनी की मात्रा अधिक पाई गई। यह किस्म भी लाल सड़न रोग से बचाव की दृष्टि से बेहतर मानी गई है।

दो किस्मों में 20 फीसदी से ज्यादा अतिरिक्त उपज

को.शा.19235 और को.शा.18232 ऐसी किस्में हैं, जिन्हें तैयार होने में अगेती किस्मों की तुलना में अधिक समय लगता है। को.शा.19235 की औसत उपज 87.58 टन प्रति हेक्टेयर रही, जो को.शा.767 से 21.01 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह को.शा.18232 की औसत उपज 92.38 टन प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई, जो को.शा.767 की तुलना में 26.51 प्रतिशत अधिक है। इसकी पेड़ी की उपज भी 82.06 टन प्रति हेक्टेयर रही। दोनों किस्मों में लाल सड़न रोग के प्रति अच्छी प्रतिरोध क्षमता पाई गई है।

केंद्र सरकार से मंजूर 8 किस्में भी शामिल

इन चार नई किस्मों के अलावा केंद्र सरकार से मंजूर आठ अन्य किस्मों को भी उत्तर प्रदेश में खेती के लिए अपनाया गया है। इनमें को.पी.16437, को.पी.11438 और को.लख.16466 अगेती किस्में हैं, जो अपेक्षाकृत जल्दी तैयार हो जाती हैं। वहीं को.16030, को.17018, को.18022, को.पीबी.17215 और को.पीबी.18213 ऐसी किस्में हैं, जिन्हें पकने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगता है।

किसानों को मिलेगा किस्मों का व्यापक विकल्प

नई किस्मों के आने से उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के पास खेती के लिए विकल्प बढ़ेंगे। किसान अपने क्षेत्र की जलवायु, मिट्टी और खेती की परिस्थितियों के अनुसार अगेती या देर से तैयार होने वाली किस्मों का चयन कर सकेंगे। अधिक उपज, बेहतर चीनी परता और लाल सड़न जैसे रोगों के प्रति प्रतिरोधी क्षमता वाली किस्मों से गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इससे किसानों की आय और चीनी मिलों के लिए गन्ने की उपलब्धता पर भी सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है।

Bioenergy Times

3 COMMENTS

  1. पानी वाली कोई वेराइटी आप नहीं दे रहे है हमारा छेत्र सम्पूर्णा नगर चीनी मिल है यहां पर बाढ़ आती रहती है कृपया कोई अच्छी किस्म का गन्ना वेरायटी दे

  2. पानी वाली कोई वेराइटी आप नहीं दे रहे है हमारा छेत्र सम्पूर्णा नगर चीनी मिल है यहां पर बाढ़ आती रहती है कृपया कोई अच्छी किस्म का गन्ना वेरायटी दे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here