चंडीगढ़ : पारंपरिक गन्ना व्यापार से हटकर पंजाब के संगरूर और बरनाला जिलों के किसान अब वैल्यू-एडेड (मूल्य संवर्धित) फ्लेवर्ड गुड़ के उत्पादन की ओर बढ़ रहे हैं। इससे उनकी आय में काफी वृद्धि हुई है, और कुछ प्रमुख उत्पादक एक ही सीजन में लगभग 1 करोड़ रुपये तक कमा रहे हैं।हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, संगरूर के बब्बनपुर गांव के 45 वर्षीय किसान हरप्रीत सिंग ने धुरी-मलेरकोटला रोड पर “चाचा भतीजा” नाम से एक यूनिट स्थापित की है। यहां वे अपने भतीजे जतिंदर सिंग के साथ मिलकर 15 से अधिक प्रकार के गुड़ बनाते हैं, जिनमें चॉकलेट, आंवला, गाजर, नारियल, तिल, ड्राई फ्रूट, औषधीय (हर्बल) गुड़ और हल्दी मिश्रित शक्कर शामिल हैं। पारंपरिक गुड़ में इस विविधता से उनकी आय में बड़ा इजाफा हुआ है—उनकी दैनिक कमाई 15,000 रुपये से बढ़कर लगभग 50,000 रुपये तक पहुंच गई है।
हरप्रीत सिंह ने कहा कि, वे छह महीने के सीजन में करीब 1 करोड़ रुपये कमा लेते हैं।वे अपनी सफलता का श्रेय कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा दी गई तकनीकी ट्रेनिंग और उपकरणों को देते हैं, जिनसे कटाई से पहले गन्ने की गुणवत्ता की जांच की जाती है। वे अपने उत्पाद पूरे राज्य और हरियाणा में बेचते हैं, और उनके ग्राहक अमेरिका और कनाडा में भी हैं।वे अपनी 15 एकड़ जमीन पर उगाए गए गन्ने का उपयोग करते हैं और अपने यूनिट में 20 से अधिक लोगों को रोजगार दे रहे हैं।
इसी गांव के 48 वर्षीय करमजीत सिंग ने भी इसी तरह की यूनिट शुरू की है, जहां 30 लोग काम करते हैं। हाल ही में उन्होंने चुकंदर मिश्रित गुड़ भी तैयार किया है, जो पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) में लॉन्च किया गया था। वे कुल 20 प्रकार के फ्लेवर्ड गुड़ बनाते हैं। पंजाब के अलावा उनके ग्राहक राजस्थान और हरियाणा में भी हैं। करीब 8–9 साल पहले उन्होंने सौंफ, अजवाइन, इलायची, आम, गाजर और मूंगफली जैसे फ्लेवर के साथ-साथ हर्बल उत्पाद बनाना शुरू किया था।अब वे हर महीने लगभग 7–8 लाख रुपये कमा रहे हैं। वहीं, बर्नाला जिले के वाहेगुरुपुरा गांव के अमृत सिंग भी विभिन्न प्रकार के फ्लेवर्ड गुड़ का उत्पादन कर रहे हैं। बीएससी (कंप्यूटर साइंस) स्नातक अमृत सिंह ने कहा, मैं 2015 से ऑर्गेनिक खेती कर रहा हूं। सामान्य गुड़ और फ्लेवर्ड गुड़ की कमाई में साफ अंतर दिखाई देता है।


















