उत्पादन बढ़ने के बावजूद दबाव में महाराष्ट्र का चीनी उद्योग, जानिए वजहें

मुंबई : महाराष्ट्र में इस सीजन में चीनी उत्पादन बढ़ने के बावजूद राज्य का चीनी उद्योग कई तरह के दबावों का सामना कर रहा है। मिलों का समय से पहले बंद होना, घरेलू कीमतों पर नियंत्रण और जलवायु जोखिम जैसी समस्याओं ने उद्योग की चिंता बढ़ा दी है।द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के अनुसार, उत्पादन बढ़ने के बावजूद अधिकांश चीनी मिलों को मार्च के मध्य तक ही बंद करना पड़ा, जिससे मिल संचालक चिंतित हैं। सामान्यतः 160 दिनों तक चलने वाला गन्ना पेराई सीजन इस बार घटकर करीब 100 दिन रह गया। इससे मिलें अपनी क्षमता और बुनियादी ढांचे का पूरा उपयोग नहीं कर पाईं।

पेराई अवधि कम होने के कई कारण बताए जा रहे हैं।पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का असर खाड़ी देशों को होने वाले चीनी निर्यात पर पड़ा है। इसके अलावा नवंबर-दिसंबर में हुई बेमौसम बारिश ने बड़ी मात्रा में खड़ी गन्ना फसल को नुकसान पहुंचाया।सीमित गन्ना उपलब्धता के कारण सीजन को मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत तक नहीं बढ़ाया जा सका।राज्य सहकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2025-26 में 1042.88 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई से 988.38 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ।2024-25 में 853.96 लाख मीट्रिक टन गन्ने से 791.15 लाख क्विंटल चीनी बनी थी।जबकि 2023-24 में 1076.18 लाख मीट्रिक टन गन्ने से 1101.7 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ था।

ChiniMandi WhatsApp Channel

2026-27 को लेकर क्या चिंताएं हैं?

आगामी खरीफ सीजन में सूखे की आशंका ने उद्योग की चिंता और बढ़ा दी है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बजट भाषण में कहा कि, एल नीनो के प्रभाव से मानसून कमजोर पड़ सकता है, जिससे सूखे जैसी स्थिति बन सकती है।इस स्थिति से निपटने के लिए जल संरक्षण, जलयुक्त शिवार अभियान और चारे के विकास जैसे कदम उठाने की योजना है।कृषि और सहकारिता क्षेत्र के सूत्रों के अनुसार, यदि सूखा पड़ता है तो सरकार को गन्ना खेती हतोत्साहित करने का निर्णय लेना पड़ सकता है, क्योंकि यह फसल ज्यादा पानी मांगती है। इसके लिए किसानों को मोटे अनाज और दालों जैसी फसलों की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है। विदर्भ और मराठवाड़ा के 14 जिलों में प्री-मानसून तैयारी के निर्देश भी दिए गए हैं।

चीनी उद्योग की क्या मांगें हैं?

नेशनल शुगर फेडरेशन ने मुख्यमंत्री के साथ बैठक में अपनी मांगें रखी हैं। इसमें चीनी पर 500 रुपये प्रति टन की सब्सिडी, 8000 करोड़ रुपये के कर्ज का पुनर्गठन (2 साल की मोहलत और 10-12 साल की अवधि) और एथेनॉल उत्पादन के कोटे में वृद्धि शामिल है।

एथेनॉल उत्पादन को लेकर क्या समस्या है?

उद्योग का कहना है कि, एथेनॉल उत्पादन के लिए निवेश तो किया गया है, लेकिन कोटा सीमा के कारण क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा। 424 करोड़ लीटर की क्षमता के मुकाबले सिर्फ 116 करोड़ लीटर का आवंटन हुआ है।साथ ही, गन्ना आधारित एथेनॉल की कीमत 67-71 रुपये प्रति लीटर के बीच स्थिर है, जबकि मक्का आधारित एथेनॉल की कीमत बढ़कर 71.86 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

एमएसपी क्यों बड़ा मुद्दा है?

गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 2018-19 में 2750 रुपये प्रति टन से बढ़कर 2025-26 में 3550 रुपये हो गया है, यानी 26% वृद्धि हुई है। लेकिन चीनी का न्यूनतम विक्रय मूल्य (MSP) अब भी 31 रुपये प्रति किलो ही है। उद्योग ने इसे बढ़ाकर 41 रुपये प्रति किलो करने की मांग की है।

स्थिति कितनी गंभीर है?

उद्योग के अनुमान के अनुसार, मिलों के जल्दी बंद होने से करीब 3300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं किसानों के 4315 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान अब भी लंबित हैं।महाराष्ट्र में यह क्षेत्र लगभग 50 लाख किसानों, 1.5 लाख गन्ना मजदूरों और 2 लाख से अधिक मिल कर्मचारियों को रोजगार देता है। 55,000 से 60,000 करोड़ रुपये के टर्नओवर वाला यह उद्योग सरकार को करीब 8000 करोड़ रुपये का राजस्व भी देता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here