पुणे : इस वर्ष 2025-26 का गन्ना पेराई सत्र अंतिम चरण में है और वर्तमान में केवल 10 से 12 मिलें ही चालू हैं। पेराई सत्र समाप्ति की ओर है, लेकिन चीनी मिलों द्वारा किसानों के एफआरपी का लगभग 4,898 करोड़ रुपये अब भी बकाया रखा गया है। किसानों द्वारा लिया गया फसल ऋण चुकाने की अंतिम तिथि 31 मार्च है। मिलों द्वारा पूरी राशि का भुगतान न किए जाने के कारण, विशेष रूप से गन्ना उत्पादक किसानों के फसल ऋण बकाया रहने की संभावना बढ़ गई है।
खरीफ सत्र 2025 के लिए किसानों ने अप्रैल में विभिन्न बैंकों से जो फसल ऋण लिया था, उसे मार्च 2026 के अंत तक जमा करना आवश्यक है। यदि किसान समय पर ऋण चुकाते हैं, तो उन्हें सरकारी योजना के तहत शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर यह सुविधा मिलती है। लेकिन यदि ऋण बकाया रह जाता है, तो उस पर 12 प्रतिशत ब्याज लगाया जाता है। किसानों की कोई गलती न होने के बावजूद, मिलों द्वारा समय पर एफआरपी का भुगतान न करने से उनका ऋण बकाया रहने और उन्हें ब्याज का अतिरिक्त बोझ उठाने की आशंका बढ़ गई है। इसलिए चीनी आयुक्त से इस मामले में कार्रवाई की मांग की जा रही है।
आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने दैनिक ‘पुढारी’ से बातचीत में बताया की, बकाया एफआरपी के मुद्दे पर संबंधित मिलों की समय-समय पर सुनवाई की गई है और उम्मीद है कि 31 मार्च तक बकाया राशि कम हो जाएगी। मिलों ने सुनवाई के दौरान भुगतान करने का आश्वासन दिया था। एफआरपी का समय पर भुगतान करना मिलों के लिए अनिवार्य है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ भी पिछले सप्ताह चीनी उद्योग के विभिन्न मुद्दों पर संयुक्त बैठक हुई थी। अगले सप्ताह बकाया एफआरपी की फिर से समीक्षा की जाएगी, संबंधित पक्षों की सुनवाई होगी और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

















