बिहार : नवादा में नई चीनी मिल की तैयारी तेज, गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ने किया जमीन का निरीक्षण

पटना: बिहार के नवादा जिले में नई चीनी मिल की स्थापना की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं जिला प्रभारी सचिव के. सेंथिल कुमार ने वारिसलीगंज प्रखंड के मकनपुर मौजा में प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने भूमि से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। मौके पर एडीएम, एसडीएम, सहायक ईखायुक्त वेदव्रत कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

राज्य सरकार बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने के साथ-साथ 25 नई मिलों की स्थापना की योजना पर काम कर रही है। इसी योजना के तहत नवादा के मकनपुर में करीब 100 एकड़ जमीन को चिन्हित किया गया है, जिसे इस परियोजना के लिए उपयुक्त माना गया है। मकनपुर और आसपास का इलाका गन्ना खेती के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है। यहां की उपजाऊ जमीन और अच्छी सिंचाई व्यवस्था बेहतर गुणवत्ता के गन्ने के उत्पादन में सहायक है। साथ ही चयनित स्थान तक अच्छी सड़क सुविधा होने से परिवहन भी आसान रहेगा। वर्ष 1993 से बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा शुरू करने और नई मिल लगाने की संभावना से स्थानीय किसानों में उत्साह बढ़ा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस परियोजना के शुरू होने से किसानों की आय में बढ़ोतरी के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, जिले में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को जागरूक किया जाए, ताकि प्रस्तावित मिल के लिए पर्याप्त कच्चा माल उपलब्ध हो सके। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती करने की अपील की। जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने बताया कि गन्ना विकास को लेकर जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है और वारिसलीगंज में जल्द ही इस विषय पर एक बैठक आयोजित की जाएगी। परियोजना को जल्द पूरा करने के लिए प्रशासन आवश्यक कदम उठा रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here