पटना: दरभंगा जिले में स्थित रैयाम सहकारी चीनी मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में बिहार सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सहकारिता विभाग ने मिल की स्थापना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का कार्यादेश जारी कर दिया है।
यह पहल ‘सात निश्चय-3’ के तहत “समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार” अभियान के अंतर्गत की जा रही है, जिसके तहत राज्य में सहकारी चीनी मिलों को बढ़ावा देने की योजना है। इस संदर्भ में 23 फरवरी 2026 को सहकारिता विभाग और राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड, नई दिल्ली के बीच हुए समझौता ज्ञापन के आधार पर रैयाम चीनी मिल की स्थापना हेतु संभाव्यता प्रतिवेदन तैयार कर विभाग को सौंपा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है।
इसके साथ ही, सकरी चीनी मिल के लिए भी संभाव्यता रिपोर्ट प्राप्त होते ही DPR तैयार करने का आदेश जारी किया जाएगा। रैयाम चीनी मिल के लिए संभाव्यता रिपोर्ट को मंजूरी मिलने के बाद सहकारिता विभाग ने एनएफसीएसएफ को DPR तैयार करने का औपचारिक निर्देश दे दिया है। इस DPR में परियोजना के तकनीकी, वित्तीय, वाणिज्यिक और क्रियान्वयन से जुड़े सभी पहलुओं का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। इसी के आधार पर आगे की प्रक्रिया और कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।


















