पुणे : स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने कहा की, दो महीने बीत जाने के बाद भी गन्ना उत्पादक किसानों को एफआरपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) नहीं मिला है। जिन चीनी मिलों पर एफआरपी बकाया है, उन पर चीनी आयुक्त को जब्ती की कार्रवाई करनी चाहिए।उन्होंने कहा, यदि ऐसा नहीं किया गया, तो हम अवमान याचिका दायर करेंगे।
गुरुवार को कृषि आयुक्तालय में उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत की। शेट्टी ने कहा कि, कानून के अनुसार गन्ना कटाई के 14 दिनों के भीतर एफआरपी का भुगतान किया जाना चाहिए। उच्च न्यायालय पहले ही सरकार को इस संबंध में आदेश दे चुका है। उसके अनुसार, यदि एफआरपी भुगतान में देरी होती है या किस्तों में भुगतान किया जाता है, तो किसानों को 15 प्रतिशत ब्याज सहित राशि देनी होगी। इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय में नौ सुनवाईयां हो चुकी हैं, लेकिन किसानों के हित में दिया गया आदेश अब भी कायम है। इसके बावजूद सरकार द्वारा इस आदेश का पालन नहीं किया गया है।


















