फतेहाबाद: हरियाणा में मौसम के बदले मिजाज ने गन्ना उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अप्रैल में जहां आमतौर पर तेज गर्मी के कारण गन्ने के जूस की मांग बढ़ जाती है, वहीं इस बार ठंडे मौसम और बेमौसमी बारिश ने बाजार की स्थिति पूरी तरह बदल दी है। पिछले डेढ़ महीने से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे गन्ने की खपत कम हो गई और किसानों को प्रति क्विंटल करीब 200 रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने इस बार स्पेशल 19 नंबर वैरायटी का गन्ना बड़े पैमाने पर लगाया था। फरवरी के अंत में तापमान बढ़ने से उम्मीद जताई जा रही थी कि भाव 800 से 1000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचेंगे। मार्च की शुरुआत में कीमतें 600 रुपये तक भी पहुंचीं, लेकिन मौसम बदलने के बाद मांग घट गई। फिलहाल तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने से जूस की खपत में तेजी नहीं आई और 600 रुपये में बिकने वाला गन्ना अब 400 रुपये प्रति क्विंटल पर भी मुश्किल से बिक रहा है।
जिले के काजल हेड़ी, कुम्हारिया, गोरखपुर, बड़ोपल, धांगड़ और मोहम्मदपुर रोही सहित कई गांवों में जूस वाले गन्ने का बड़ा रकबा है। यहां से गन्ने की सप्लाई स्थानीय बाजार के साथ-साथ राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के अन्य जिलों में भी होती है। लेकिन इन इलाकों में भी तापमान कम रहने से मांग में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गन्ना उत्पादकों ने आरोप लगाया कि मौसम का फायदा उठाकर थोक व्यापारी मनमानी कर रहे हैं। पहले जहां एक एकड़ फसल का भाव करीब पौने दो लाख रुपये तक लगाया जा रहा था, अब व्यापारी क्विंटल के हिसाब से खरीद करने में भी आनाकानी कर रहे हैं।

















