मिल ने किसानों को दिया कीट नियंत्रण प्रशिक्षण, ‘लाइट ट्रैप’ से गन्ना फसल बचाने की सलाह

बिजनौर (उत्तर प्रदेश): उत्तम शुगर मिल बरकतपुर की ओर से मंडावली क्षेत्र के ग्राम हरेवाली के जंगल में किसानों के लिए कीट नियंत्रण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों को गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों से बचाव के लिए ‘लाइट ट्रैप’ उपकरण के उपयोग की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य गन्ने का बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करना बताया गया। प्रदीप तोमर ने किसानों को गन्ने में लगने वाले विभिन्न कीटों और उनके नियंत्रण के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ‘लाइट ट्रैप’ यंत्र को रात के समय खेतों में लगाया जाता है। रोशनी से आकर्षित होकर कीट उपकरण में लगे टब में गिर जाते हैं और नष्ट हो जाते हैं, जिससे फसल को नुकसान से बचाया जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान अर्ली शूट बोरर, टॉप बोरर, इंटरनोड बोरर और रूट बोरर जैसे प्रमुख कीटों की पहचान और उनके प्रभाव के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि अर्ली शूट बोरर फसल की शुरुआती अवस्था में गोभ को सुखा देता है, जबकि टॉप बोरर गन्ने के ऊपरी हिस्से पर हमला कर नई पत्तियों को नुकसान पहुंचाता है। इंटरनोड बोरर गन्ने के डंठल में छेद कर वजन और चीनी की गुणवत्ता को कम करता है, वहीं रूट बोरर जड़ के पास तने को क्षति पहुंचाता है।मिल प्रशासन के अनुसार ‘लाइट ट्रैप’ इन सभी कीटों के नियंत्रण में प्रभावी साबित हो सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कई किसान उपस्थित रहे।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here