कोल्हापुर : राज्य में गन्ना पेराई सीजन आखिरकार समाप्त हो गया है। इस वर्ष 1,045 लाख टन गन्ने की पेराई से 99 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। राज्य में औसतन 9.49 प्रतिशत रिकवरी मिली। सीजन की शुरुआत में 106 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान था, लेकिन सीजन के अंतिम चरण में गन्ने में आए फूल (एरोइंग) के कारण उत्पादन घट गया। परिणामस्वरूप, रिकवरी अच्छी होने के बावजूद वास्तविक चीनी उत्पादन में लगभग 7 लाख टन की कमी रही। हालांकि, पिछले पेराई सीजन की तुलना में इस वर्ष 18 लाख टन अधिक चीनी उत्पादन हुआ है।
इस सीजन में 103 सहकारी और 107 निजी, कुल 210 चीनी मिलों ने पेराई शुरू की। लगभग पांच महीने की अवधि में राज्य में 1,045 लाख टन गन्ना पेराई के लिए उपलब्ध हुआ। इससे 9.49 प्रतिशत रिकवरी के साथ 99 लाख 18 हजार टन चीनी का उत्पादन हुआ। सबसे अधिक 23 लाख टन चीनी कोल्हापुर विभाग में, इसके बाद पुणे विभाग में 22 लाख टन और सोलापुर विभाग में 19 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ। अहिल्यानगर विभाग में 11 लाख टन, संभाजीनगर में 10 लाख टन और नांदेड़ विभाग में 11 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ।
राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष चीनी उत्पादन में महाराष्ट्र पहले स्थान पर रहा है। महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश में 89 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ। पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश में 90 लाख टन और महाराष्ट्र में 80 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। इस वर्ष महाराष्ट्र ने उत्तर प्रदेश को पीछे छोड़ दिया है। इस साल उत्तर प्रदेश के बाद कर्नाटक में 47 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ।
राज्य में चीनी सीजन शुरू होने से पहले गन्ने की उपलब्धता को देखते हुए 106 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान चीनी आयुक्तालय ने जताया था। लेकिन सीजन के अंत में मराठवाड़ा क्षेत्र में गन्ने में आए फूल (तुरे) के कारण उत्पादन घट गया। रिकवरी अच्छी रहने के बावजूद गन्ना उत्पादन कम होने से चीनी उत्पादन भी कम हुआ। अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 में लगभग 1,000 लाख टन गन्ना पेराई के लिए उपलब्ध हो सकता है, ऐसा अनुमान है।
देश के कुल चीनी उत्पादन में महाराष्ट्र सबसे आगे…
देश में पेराई सीजन अंतिम चरण में पहुँच गया है और अब तक चीनी उत्पादन 273.90 लाख टन तक पंहुचा है। नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड (NFCSF) के आकड़ों के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 तक, देश के कुल चीनी उत्पादन में महाराष्ट्र, यूपी और कर्नाटक की 235 लाख टन के साथ तक़रीबन 85 प्रतिशत हिस्सेदारी है।इन तीन राज्यों ने चीनी उत्पादन में हमेशा अहम भूमिका निभाई है। इन तीन राज्यों में चीनी रिकवरी देखि जाए तो उत्तर प्रदेश 10.20 प्रतिशत रिकवरी के साथ सबसे आगे है। 9.50 प्रतिशत रिकवरी के साथ महाराष्ट्र दुसरे और 8.60 प्रतिशत रिकवरी के साथ कर्नाटक तीसरे नंबर पर है।


















