नई दिल्ली: कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने और उत्सर्जन घटाने के उद्देश्य से सरकार ने एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) में एथेनॉल और अन्य सिंथेटिक हाइड्रोकार्बन के मिश्रण की अनुमति दे दी है। अधिकारियों ने बताया कि, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एविएशन टरबाइन फ्यूल (मार्केटिंग विनियमन) आदेश, 2001 में संशोधन करते हुए यह अधिसूचना जारी की है।संशोधन के तहत जेट ईंधन की परिभाषा का दायरा बढ़ाया गया है, ताकि इसमें सिंथेटिक हाइड्रोकार्बन मिश्रण को शामिल किया जा सके और प्रवर्तन प्रावधानों को नए आपराधिक प्रक्रिया नियमों के अनुरूप बनाया जा सके।
संशोधन के अनुसार, अब एटीएफ को ऐसे हाइड्रोकार्बन मिश्रण के रूप में परिभाषित किया गया है जो IS 1571 मानकों के अनुरूप हो या IS 17081 मानकों के तहत सिंथेटिक हाइड्रोकार्बन के साथ मिश्रित हो। इससे नए प्रकार के ईंधन के उपयोग का रास्ता खुल गया है। सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) का उत्पादन नवीकरणीय स्रोतों जैसे अपशिष्ट तेल और वसा, चीनी एवं अनाज, नगर ठोस कचरा, लकड़ी और कृषि अवशेष या CO₂ से किया जाता है। उत्सर्जन कम करने के लिए इसे एटीएफ के साथ मिलाया जाता है। भारत विमानन क्षेत्र से कार्बन उत्सर्जन घटाने के लिए पारंपरिक एटीएफ में SAF मिश्रण को अनिवार्य बनाने की योजना पर काम कर रहा है।


















