स्मार्ट फार्मिंग से ही बढ़ेगी गन्ना पैदावार, CO-0238 किस्म को चरणबद्ध तरीके से हटाने के निर्देश

मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) : प्रदेश के अपर गन्ना आयुक्त (समितियां) एवं मुरादाबाद परिक्षेत्र के नोडल अधिकारी डॉ. वीबी सिंह ने गन्ना भवन सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि, अब गन्ना पैदावार में सफलता केवल परिश्रम से नहीं, बल्कि स्मार्ट फार्मिंग से तय होगी। बैठक में गन्ना विभाग, समितियों के अधिकारियों और चीनी मिलों के प्रतिनिधियों के साथ बसंतकालीन गन्ना बोआई की समीक्षा की गई। डॉ. सिंह ने विभागीय अधिकारियों और चीनी मिलों को निर्देश दिए कि वे मिश्रित और अस्वीकृत गन्ना किस्मों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द रोग-प्रतिरोधी प्रजातियों से प्रतिस्थापित करें तथा मिल गेट क्षेत्र में गन्ना आच्छादन बढ़ाएं। ऐसा न करने पर संबंधित मिल अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

उन्होंने कहा कि उन्नत किस्में, बोआई की आधुनिक तकनीकें, संतुलित पोषण प्रबंधन और नए कृषि उपकरणों के समुचित उपयोग से ही किसानों की आय में वास्तविक वृद्धि संभव है। मुरादाबाद परिक्षेत्र में रोग एवं कीटों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील हो चुकी गन्ना किस्म सीओ-0238 को चरणबद्ध तरीके से हटाने के भी निर्देश दिए गए। डॉ. सिंह ने कहा कि, यह क्षेत्र गन्ना उत्पादन का मॉडल क्षेत्र बनना चाहिए और चीनी मिलें किसानों को सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण एवं तकनीकी सहयोग जैसी बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराएं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

अपर गन्ना आयुक्त ने जिले के कई किसानों के खेतों का भ्रमण किया। अगवानपुर चीनी मिल क्षेत्र के अल्लीपुर खालसा गांव में उन्होंने किसान गौरव कुमार के खेत में ट्रेंच विधि से लगाई गई गन्ना किस्म कोशा 13235 की पेड़ी का निरीक्षण किया। इसके बाद वह फत्तेपुर विश्नोई गांव पहुंचे, जहां किसान अंकित कुमार, विपिन कुमार और लोकेश के खेतों में पेयर्ड रो पद्धति के प्लॉट देखे गए। इस अवसर पर उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह, अगवानपुर मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) राजपाल सिंह तथा संभाग के अन्य अधिकारी और मिल प्रबंधक उपस्थित रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here