पटना : बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग ने राज्य के उन क्षेत्रों में गुड़ उत्पादन इकाइयां स्थापित करने की पहल की है, जहां अब तक कोई चीनी मिल नहीं है। ‘बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम’ के तहत शुरू की गई यह योजना राज्य के चतुर्थ कृषि रोड मैप का हिस्सा है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक राज्यभर में 12 से अधिक गुड़ उत्पादन इकाइयां स्थापित की जा चुकी हैं, जिनमें से 10 इकाइयों ने उत्पादन आरंभ कर दिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन क्षेत्रों में गन्ना किसानों को उनकी उपज बेचने का वैकल्पिक माध्यम उपलब्ध कराना है, जहां चीनी मिलों की अनुपस्थिति के कारण किसानों को अपनी फसल के लिए दूर-दराज के बाजारों पर निर्भर रहना पड़ता था।
अधिकारियों ने बताया कि इन इकाइयों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न हो रहे हैं। आने वाले समय में इस कार्यक्रम के तहत और अधिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिससे राज्य में गन्ना उद्योग को नई दिशा मिलने और किसानों की आय में वृद्धि होने की संभावना है।


















