छत्तीसगढ़ : चार माह से भुगतान नहीं, प्रतापपुर में गन्ना किसानों ने 27 अप्रैल को चीनी मिल की तालाबंदी की दी चेतावनी

सूरजपुर : जिले के प्रतापपुर विकासखंड में गन्ना किसानों और चीनी मिल मजदूरों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पिछले चार महीनों से बकाया भुगतान नहीं मिलने से नाराज किसानों और श्रमिकों ने 27 अप्रैल 2026 को मां महामाया चीनी मिल के घेराव और तालाबंदी का ऐलान किया है। जिला पंचायत सदस्य सुरेश कुमार आयाम के नेतृत्व में किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि, गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों और मिल में कार्यरत मजदूरों को चार महीनों से उनका पारिश्रमिक नहीं दिया गया है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है और परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा तथा दैनिक जरूरतें पूरी करना कठिन हो गया है।

किसानों ने बताया कि, इस विषय में 8 अप्रैल 2026 को शासन-प्रशासन को पहले भी ज्ञापन दिया गया था, जिसमें 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित कराने और मिल में गन्ना किसानों द्वारा मनोनीत अध्यक्ष का चुनाव कराने की मांग की गई थी।निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने पर किसानों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया।ज्ञापन सौंपने के दौरान नवीन जायसवाल, त्रिभुवन सिंह, मासूम इराकी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। जिला पंचायत सदस्य सुरेश आयाम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि, यदि 27 अप्रैल तक बकाया भुगतान नहीं किया गया तो किसान और मजदूर शांतिपूर्वक मिल का घेराव कर तालाबंदी करेंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here