केन्या : किसानों ने गन्ने की 5,500 शिलिंग प्रति टन कीमत ठुकराई, हड़ताल की चेतावनी

नैरोबी : गन्ना किसानों ने सरकार द्वारा गन्ने की न्यूनतम कीमत 5,750 शिलिंग से घटाकर 5,500 शिलिंग प्रति टन करने के फैसले को खारिज कर दिया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि, यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो वे पूरे चीनी उद्योग में हड़ताल कर सकते हैं और गन्ना आपूर्ति रोकने पर भी विचार करेंगे। किसानों के संगठन ‘शुगर कैंपेन फॉर चेंज’ ने कहा कि, कीमत में कटौती उनके आजीविका पर सीधा असर डालेगी और इससे पहले से संकट झेल रहे चीनी क्षेत्र पर और दबाव बढ़ेगा। संगठन के अध्यक्ष साउलो बसोलो ने कहा कि, नई कीमत बढ़ती उत्पादन लागत को ध्यान में नहीं रखती और इस दर पर खेती करना किसानों के लिए संभव नहीं है।

किसानों का कहना है कि भूमि तैयारी, बीज, उर्वरक, कृषि रसायन, मजदूरी और परिवहन खर्च में भारी बढ़ोतरी हुई है, जबकि तय की गई नई कीमत इन लागतों से कम है। उनका आरोप है कि, प्रशासनिक तरीके से तय की गई कीमत छोटे किसानों को गन्ना खेती छोड़ने पर मजबूर कर सकती है। किसानों ने सरकार और चीनी मिलों पर आयात बढ़ाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि, बड़ी मात्रा में चीनी आयात से स्थानीय बाजार में कीमतें गिर गई हैं और इसका बोझ किसानों पर डाला जा रहा है। किसान संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि कीमत बहाल नहीं की गई तो वे उद्योग-व्यापी हड़ताल का नोटिस जारी करेंगे और मिलों को गन्ना आपूर्ति रोक सकते हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसानों ने सरकार से मांग की है कि, गन्ने की कीमत उत्पादन लागत के अनुरूप तय की जाए, पारदर्शी बाजार आधारित मूल्य प्रणाली लागू की जाए और चीनी आयात पर सख्त नियंत्रण किया जाए। उनका कहना है कि मौजूदा नीति जारी रही तो कई किसान गन्ना खेती छोड़ देंगे और इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here