बागपत : बागपत स्थित सहकारी चीनी मिल में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मिल परिसर में पड़ी बगास में आग भड़क उठी, जिसके बाद कर्मचारियों ने खुद ही आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जांच में सामने आया कि, मिल के बॉयलर से निकली चिंगारी बगास पर गिरने से आग लगी। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए मिल का काम भी रोकना पड़ा। कर्मचारियों के अनुसार आग में करीब 20 से 25 कुंतल बेगास जलकर नष्ट हो गई, जिससे मिल को नुकसान हुआ। हालांकि अधिकारियों ने बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
मिल प्रबंधन के मुताबिक घटना के दौरान दमकल टीम लगभग आधे से एक घंटे में मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर मिल की गतिविधियों को थोड़ी देर के लिए बंद रखा गया। वहीं अधिकारियों ने बताया कि नुकसान सीमित है और स्थिति सामान्य कर दी गई है।


















