सुवा : फिजी शुगर कॉर्पोरेशन अगले पेराई मौसम से पहले लौतोका और लाबासा चीनी मिलों में बड़े पैमाने पर रखरखाव और उन्नयन कार्य करा रही है। कृषि मंत्री तोमासी तुनाबुना ने विपक्षी सांसद जोने उसामाते के एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। उसामाते ने पूछा था कि, हाल की मिल खराबियों और परिचालन अक्षमताओं को देखते हुए लौतोका और लाबासा मिलों में पुरानी पड़ चुकी अवसंरचना को उन्नत करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
तुनाबुना ने बताया कि, ये मिलें 140 साल से भी अधिक पुरानी हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि, पिछले फिजी शुगर कॉर्पोरेशन प्रबंधन द्वारा शुगर टेक्नोलॉजी मिशन परियोजना के तहत कराए गए घटिया काम की वजह से मिलों की क्षमता और कम हो गई है। फिजी अभी भी उस परियोजना से जुड़े कर्ज के लिए एक्जिम बैंक को सालाना 1.80 करोड़ डॉलर चुका रहा है।
मंत्री ने बताया कि 2025 के पेराई सत्र में लौतोका मिल में सबसे अधिक बार खराबी आई, जिसकी मुख्य वजह पुराने बॉयलर के पुर्जे, जर्जर कैरियर प्रणाली और डिफ्यूजर तथा प्रसंस्करण केंद्रों में आई खराबियाँ रहीं। अब फिजी शुगर कॉर्पोरेशन बॉयलर की अहम संरचना को बदल रही है, जिसमें अगली दीवार, पीपहोल ट्यूब और एयर प्रीहीटर ट्यूब शामिल हैं। इसके साथ ही फीडिंग और कैरियर प्रणालियों की बड़ी मरम्मत के अलावा डिफ्यूजर, पाइपिंग प्रणाली और मिल उपकरणों का उन्नयन भी किया जा रहा है। लाबासा मिल में बॉयलर, पावरहाउस और पेराई केंद्रों पर महत्वपूर्ण सुधार कार्य चल रहे हैं।
इस बीच विपक्षी सांसद फैयाज कोया ने सवाल उठाया कि, क्या दोनों बड़ी मिलों में प्रस्तावित उन्नयन से फिजी गन्ने से टिकाऊ विमानन ईंधन बनाने में भी सक्षम हो सकेगा, जिससे उद्योग को काफी अधिक राजस्व मिल सकता है। इस पर तुनाबुना ने कहा कि सरकार को जल्द ही चीनी उद्योग पर एक पूरी व्यवहार्यता रिपोर्ट मिलेगी, जिसमें गन्ने से बनाए जा सकने वाले बेहतर उत्पादों की पहचान होने की उम्मीद है, जिनमें विमानन ईंधन भी शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि एयरबस के अधिकारी इसी शुक्रवार को सरकारी प्रतिनिधियों से मिलेंगे और चर्चा करेंगे कि फिजी गन्ने से ईंधन उत्पादन में कैसे योगदान दे सकता है।
विपक्षी सांसद हेम चंद ने मिल परिसर में लंबे समय तक इंतजार करने वाले गन्ना ट्रक चालकों के लिए उचित सुविधाओं की कमी पर चिंता जताई और बेहतर शौचालय, कैंटीन तथा प्रतीक्षा क्षेत्रों की जरूरत बताई। तुनाबुना ने पुष्टि की कि ड्राइवरों के लिए सुविधाओं सहित सहायक अवसंरचना भी फिजी शुगर कॉर्पोरेशन की व्यापक नवीनीकरण योजना का हिस्सा है।विपक्षी सांसद वीरेंद्र लाल ने यह भी पूछा कि तैयारी के लिए पाँच से छह महीने का समय होने के बावजूद अगले पेराई सत्र की शुरुआत में मिलों को खराब होने से रोकने के लिए कौन से विशेष उन्नयन और रखरखाव कार्य किए जा रहे हैं। इस पर तुनाबुना ने कहा कि फिजी शुगर कॉर्पोरेशन मिलों के उन हिस्सों की मरम्मत पर ध्यान केंद्रित कर रही है जो पेराई के दौरान सबसे अधिक खराब होते हैं, ताकि अगले सत्र की शुरुआत से ही अधिक भरोसेमंद परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।


















