फिजी : चीनी के गिरते उत्पादन को रोकने के लिए समिति का विस्तार, चीनी उद्योग मंत्री को भी किया शामिल

सुवा : फिजी की संसद ने चीनी उद्योग पर विशेष संसदीय समिति के विस्तार को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री सित्विनी राबुका ने कहा कि, उद्योग के सामने मौजूद बड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए समिति को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है।उन्होंने प्रस्ताव रखा कि कृषि, जलमार्ग और चीनी उद्योग मंत्री टोमासी तुनाबुना और प्रधानमंत्री कार्यालय में सहायक मंत्री साकियुसा टुबुना को समिति में शामिल किया जाए। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब फिजी में चीनी उत्पादन लगातार गिर रहा है और इस क्षेत्र में गंभीर संरचनात्मक समस्याएं बनी हुई हैं। संसद ने इस प्रस्ताव को बिना किसी विरोध के पारित कर दिया।

प्रधानमंत्री ने घटते उत्पादन, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, मिलों की अक्षमता, भूमि से जुड़े मुद्दे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर बढ़ते दबाव को प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि, इन समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग नहीं बल्कि समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि, तुनाबुना को शामिल करना इसलिए जरूरी है क्योंकि अब चीनी उद्योग उनके मंत्रालय के अधीन है। इससे नीति निर्माण, किसानों को समर्थन और उद्योग सुधार में सीधे जिम्मेदारी सुनिश्चित होगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

राबुका ने साकियुसा टुबुना की नियुक्ति का भी समर्थन किया और कहा कि इससे विभिन्न सरकारी एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि, चीनी उद्योग ग्रामीण गरीबी, निर्यात और राष्ट्रीय विकास योजना से जुड़ा हुआ है। टुबुना की भूमिका राष्ट्रीय विकास योजना 2025–2029 और विजन 2050 के साथ सुधारों को जोड़ने में मदद करेगी।

सरकारी सांसदों ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि, इससे निगरानी बेहतर होगी और निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी। उन्होंने यह भी कहा कि समिति को केवल चर्चा से आगे बढ़कर परिणाम देने पर ध्यान देना चाहिए। विपक्षी सांसद फ़ैयाज़ कोया ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया, लेकिन यह स्पष्ट करने की मांग की कि नए मंत्री पहले के सदस्य की जगह लेंगे या अतिरिक्त रूप से शामिल होंगे।

नेशनल फेडरेशन पार्टी के नेता बिमान प्रसाद ने भी इस कदम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि, वैश्विक चीनी कीमतों में गिरावट के कारण उद्योग पर गंभीर दबाव है और लगभग 2 लाख लोग इस क्षेत्र पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि, यह समिति ऐसे समय में सरकार और विपक्ष को साथ लाने का काम कर रही है, जब समाधान पर ध्यान देना सबसे जरूरी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here