मेरठ : उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह और जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने शनिवार को मवाना शुगर वर्क्स के मिल गेट और यार्ड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गन्ना तौल कांटों की सटीकता जांचने के साथ ही मिल यार्ड में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ट्रॉली तौल कांटे की जांच कराई। जांच में ट्रॉली का प्रारंभिक वजन 42.90 क्विंटल दर्ज किया गया। इसके बाद कांटे पर 10 क्विंटल के बाट रखे गए, जिसके बाद कुल वजन 52.90 क्विंटल आया। इस तरह तौल कांटा सही पाया गया। मिल गेट का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने मिल क्षेत्र के जयसिंहपुर, नगला गोसाई, मीवा और कूड़ी कमालपुर गांवों का दौरा किया। जयसिंहपुर गांव में किसान चंद्रहास राणा के खेत पर अधिकारियों ने ट्रेंच विधि से बोई गई उन्नत गन्ना किस्मों का निरीक्षण किया। साथ ही पेड़ी प्रबंधन और खेती में इस्तेमाल किए जा रहे कृषि यंत्रों की जानकारी ली।
इसके बाद मीवा गांव में किसान योगेंद्र शर्मा और धर्मेंद्र तथा कूड़ी कमालपुर गांव में किसान आदेश के खेतों पर चीनी मिल की ओर से संचालित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित पायलट परियोजना का जायजा लिया। अधिकारियों ने मिट्टी में नमी और मौसम से जुड़े आंकड़ों के आधार पर किसानों को दी जा रही सिंचाई एवं पोषक तत्व प्रबंधन संबंधी सलाह की भी जानकारी ली। इस परियोजना के माध्यम से किसानों को जरूरत के अनुसार सिंचाई और खाद प्रबंधन के लिए तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।


















