पेराई सीजन 2026-27 : उत्तर प्रदेश में गन्ना सर्वेक्षण शुरू, 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आगामी पेराई सीजन 2026-27 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गन्ना विभाग और शुगर मिलों की संयुक्त टीमें राज्यभर में गन्ना सर्वेक्षण के लिए खेतों में उतर गई हैं। यह सर्वेक्षण जीपीएस आधारित हैंड हेल्ड कम्प्यूटर मशीनों के जरिए किया जा रहा है और इसे 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सर्वेक्षण के दौरान टीमें खेतों में ही गन्ना प्रजाति की पहचान कर उसका डेटा ऑनलाइन अपलोड करेंगी। साथ ही किसानों को भी ऑनलाइन शपथ पत्र भरकर अपने गन्ना रकबे, गन्ना प्रजाति तथा खेत में पैडी और पौधा गन्ने की जानकारी देनी होगी।

गन्ना विभाग ने सर्वेक्षण से पहले ही अपने कर्मचारियों को गन्ना प्रजाति पहचान का प्रशिक्षण दे दिया था। मास्टर ट्रेनर के रूप में चुने गए कर्मचारियों ने जनपद स्तर पर जाकर बाकी कर्मचारियों को भी यह प्रशिक्षण दिया। इस सर्वेक्षण में एक अहम उद्देश्य यह भी है कि लाल सड़न रोग से प्रभावित गन्ना प्रजाति 0238 को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाए।सर्वेक्षण के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि राज्य में अभी भी कितने रकबे में किसान इस प्रजाति की खेती कर रहे हैं, ताकि उसे अन्य उन्नत प्रजातियों से विस्थापित किया जा सके।गन्ना विभाग ने सभी सर्वेक्षण टीमों को जीपीएस युक्त हैंड हेल्ड कम्प्यूटर मशीनें उपलब्ध करा दी हैं, जिनके माध्यम से खेत से ही रियल टाइम डेटा अपलोड किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि 30 जून तक संपूर्ण सर्वेक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाए।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here