लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बढ़ते तापमान के साथ गन्ना किसानों के सामने फसल सुरक्षा की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग ने गन्ने की पौध और पेड़ी फसल पर चूसक कीटों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया है। अपर गन्ना आयुक्त वी.के. शुक्ला ने बताया कि अधिक तापमान के कारण कीटों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है, जिससे फसल की बढ़वार और उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
गन्ना शोध परिषद, शाहजहांपुर के अनुसार इस समय तीन प्रमुख कीट फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इनमें पहला काला चिकटा है, जो खासतौर पर अप्रैल से जून के बीच पेड़ी फसल में अधिक पाया जाता है और पत्तियों को पीला कर देता है, साथ ही कत्थई धब्बे भी दिखने लगते हैं। दूसरा थ्रिप्स कीट है, जिसके प्रभाव से पत्तियों का अगला हिस्सा मुड़कर नुकीला हो जाता है और उनका रंग सफेद या पीला पड़ने लगता है। तीसरा सैनिक कीट है, जिसकी सूंडियां पत्तियों को कुतरकर फसल को नुकसान पहुंचाती हैं। विभाग का कहना है कि बारिश शुरू होने पर इन कीटों का असर कुछ कम हो सकता है, लेकिन तब तक सतर्क रहना जरूरी है।
वैज्ञानिकों ने किसानों को बचाव के लिए नियमित सिंचाई करने, खेत में नमी बनाए रखने और खरपतवार व सूखी पत्तियों को हटाने की सलाह दी है। साथ ही संतुलित उर्वरकों के उपयोग पर जोर दिया गया है, जिससे फसल मजबूत बनी रहे। कीट नियंत्रण के लिए सुबह या शाम के समय दवाओं का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। इसके तहत प्रोफेनोफॉस 40% + साइपरमेथ्रिन 4% ई.सी. की 750 मिली या इमिडाक्लोप्रिड 17.8% एस.एल. की 200 मिली मात्रा प्रति हेक्टेयर के हिसाब से प्रयोग करनी चाहिए। दवा को लगभग 625 लीटर पानी में घोलकर फसल पर समान रूप से छिड़काव करना चाहिए। इन उपायों को अपनाकर किसान अपनी गन्ना फसल की उत्पादकता को सुरक्षित रख सकते हैं।


















