गन्ना मूल्य वृद्धि को लेकर किसान आंदोलन की चेतावनी, पंजाब के घोषित रेट के आधार पर भाव तय करने की मांग

रामपुर (उत्तर प्रदेश) : रामपुर जिले के स्वार क्षेत्र में गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने आंदोलन का ऐलान किया है। किसान पंचायत में किसानों ने पंजाब सरकार द्वारा घोषित गन्ना मूल्य के आधार पर उत्तर प्रदेश में भी गन्ने का भाव निर्धारित करने की मांग उठाई। मांग पूरी नहीं होने पर स्वार तहसील में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

पंचायत में किसान नेताओं ने कहा कि, सरकार ने चीनी के दामों में बढ़ोतरी की है, लेकिन गन्ना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। महंगाई के चलते खाद, बीज, डीजल, सिंचाई और मजदूरी सहित खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद गन्ने के दाम में अपेक्षित वृद्धि नहीं की जा रही है। किसानों का कहना है कि लंबे समय से गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसान पंचायत में निर्णय लिया गया कि किसानों की मांगों को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव हसीब अहमद के सामने रखा जाएगा। उनके निर्देश और मार्गदर्शन के बाद आंदोलन की अगली रणनीति तैयार की जाएगी। यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो स्वार तहसील में आंदोलन किया जाएगा।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं और मांगों की अनदेखी जारी रही तो आगामी चुनाव में किसान अपनी नाराजगी का जवाब देंगे। उन्होंने सरकार से गन्ने का उचित मूल्य घोषित करने और किसानों को बढ़ती लागत से राहत देने की मांग की।पंचायत में ब्लॉक अध्यक्ष लखविंदर सिंह, जिला उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह, प्रताप सिंह, हाजी अफसर अली, नौसा अली प्रधान, जसवीर सिंह, अमीर अहमद और किसान नेता सलामत जान सहित कई किसान मौजूद रहे।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here