नई दिल्ली: गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने 2026-27 (अक्टूबर–सितंबर) गन्ना सीज़न के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 365 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने को मंजूरी दी है। यह मूल्य 10.25% की मूल रिकवरी दर पर आधारित है।सरकार ने यह भी तय किया है कि ,10.25% से अधिक रिकवरी पर प्रति 0.1% वृद्धि के लिए 3.56 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त प्रीमियम दिया जाएगा, जबकि रिकवरी में 0.1% की कमी पर उतनी ही राशि की कटौती की जाएगी।
गन्ना किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए यह भी निर्णय लिया गया है कि, जिन चीनी मिलों में रिकवरी 9.5% से कम है, वहां किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी। ऐसे किसानों को 2026-27 सीज़न में 338.3 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान मिलेगा।2026-27 सीज़न के लिए गन्ने की उत्पादन लागत 182 रुपये प्रति क्विंटल आंकी गई है। इस आधार पर 365 रुपये प्रति क्विंटल का FRP उत्पादन लागत से 100.5% अधिक है। यह मूल्य वर्तमान 2025-26 सीज़न की तुलना में 2.81% अधिक है।
यह फैसला 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले 2026-27 गन्ना सीज़न में किसानों से गन्ना खरीदने पर लागू होगा। चीनी उद्योग एक महत्वपूर्ण कृषि-आधारित क्षेत्र है, जो लगभग 5 करोड़ गन्ना किसानों और उनके परिवारों तथा लगभग 5 लाख प्रत्यक्ष श्रमिकों के जीवनयापन को प्रभावित करता है। इसके अलावा, खेती, परिवहन और अन्य सहायक गतिविधियों में भी बड़ी संख्या में लोग जुड़े हुए हैं।FRP का निर्धारण कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (CACP) की सिफारिशों के आधार पर तथा राज्य सरकारों और अन्य संबंधित पक्षों से परामर्श के बाद किया गया है।
पिछले गन्ना सीज़न 2024-25 में, कुल देय 1,02,687 करोड़ रुपये में से लगभग 1,02,209 करोड़ रुपये का भुगतान 20 अप्रैल 2026 तक किसानों को कर दिया गया, जो लगभग 99.5% है। वहीं, वर्तमान 2025-26 सीज़न में 1,12,740 करोड़ रुपये में से लगभग 99,961 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जो लगभग 88.6% है।


















