केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी की कर्नाटक सरकार से गन्ना किसानों को अतिरिक्त सहायता देने की अपील

नई दिल्ली: केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से गन्ने के लिए राज्य परामर्शित मूल्य (SAP) घोषित करने अथवा राज्य स्तरीय अनुदान और प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से किसानों को वित्तीय सहायता देने का आग्रह किया है। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हाल ही में हुई संयुक्त बैठक के दौरान किसानों द्वारा उठाई गई चिंताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बजट की कमी का हवाला देने के बजाय राज्य सरकार को तत्काल प्रशासनिक और वित्तीय कदम उठाने चाहिए।

जोशी ने कहा कि, केंद्र सरकार ने गन्ना किसानों, चीनी मिलों और उपभोक्ताओं के हितों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए नीतिगत फैसले किए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि, कर्नाटक सरकार भी अपने अधिकार क्षेत्र में इसी तरह के कदम उठाएगी। उन्होंने बताया कि, कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (CACP) की सिफारिश और कर्नाटक सहित विभिन्न हितधारकों के साथ विचार-विमर्श के बाद चालू सीजन के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 355 रुपये से बढ़ाकर 365 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

जोशी के अनुसार, कई अन्य राज्य गन्ना किसानों को राज्य परामर्शित मूल्य (SAP) या अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में गन्ने की खेती की स्थानीय लागत अधिक होने को देखते हुए राज्य सरकार भी इसी तरह की सहायता देने पर विचार कर सकती है। चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी की मांग पर जोशी ने कहा कि फिलहाल मिल गेट (एक्स-मिल) चीनी की कीमत 48 से 50 रुपये प्रति किलो के बीच है, जो मौजूदा 31 रुपये प्रति किलो के MSP से काफी अधिक है। उन्होंने कीमतों में इस बढ़ोतरी का श्रेय एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के उपयोग और निर्यात को बढ़ावा देने वाली नीतियों जैसे उपायों को दिया।

मंत्री ने यह भी कहा कि, कर्नाटक की चीनी मिलों को एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के उपयोग से लाभ हुआ है। इससे मिलों को अतिरिक्त आय प्राप्त हुई और किसानों का बकाया भुगतान करने में मदद मिली। उन्होंने बताया कि, देशभर में पिछले सीजन के गन्ना बकाये का लगभग 99.6 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। प्रो. रमेश चंद की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति ने इस क्षेत्र की संरचनात्मक समस्याओं की जांच के लिए किसानों, चीनी मिलों और राज्य सरकार के साथ विचार-विमर्श शुरू कर दिया है।

जोशी ने कर्नाटक सरकार से चीनी रिकवरी की जांच और गन्ने के वजन की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। साथ ही, स्थानीय करों के कारण गन्ने की कटाई और परिवहन की बढ़ती लागत का समाधान निकालने को कहा। उन्होंने महाराष्ट्र की तर्ज पर सह-उत्पादन (को-जेनरेशन) के जरिए चीनी मिलों द्वारा उत्पादित बिजली की खरीद के लिए बिजली खरीद समझौते (PPA) करने पर भी विचार करने का सुझाव दिया। उन्होंने यह भी बताया कि कर्नाटक की कुछ चीनी मिलों में अब तक पेराई शुरू नहीं हुई है। जोशी ने राज्य सरकार से किसानों और मिल प्रबंधन के बीच लंबित मुद्दों का बिना देरी समाधान करने की अपील की।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here