कोल्हापुर: केंद्र सरकार ने मंगलवार को एफआरपी में प्रति टन 100 रुपये की बढ़ोतरी कर देश के करोड़ों गन्ना उत्पादक किसानों को राहत की खबर दी है, लेकिन दूसरी ओर 2025-26 सत्र में कुल 1,12,740 करोड़ रुपये में से लगभग 88.6 प्रतिशत राशि (99,961 करोड़ रुपये) 20 अप्रैल 2026 तक किसानों के खातों में जमा की जा चुकी है। इसका मतलब है कि, अभी भी देशभर में 12,779 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान बकाया है। भुगतान में देरी से किसान आर्थिक संकट में फंसे हुए हैं। आपको बता दे की, वर्ष 2024-25 के सत्र का 99.5 प्रतिशत भुगतान पूरा हो चुका है। केंद्र और राज्य सरकारें किसानों को समय पर भुगतान दिलाने के प्रयास कर रही हैं, फिर भी कई चीनी मिलें समय पर भुगतान करने में असफल रही हैं।
इस बीच, मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने आगामी 2026-27 पेराई सत्र के लिए एफआरपी में प्रति टन 100 रुपये की वृद्धि को मंजूरी दी है। 2025-26 सत्र के लिए एफआरपी 3550 रुपये थी, जिसे अब बढ़ाकर 3650 रुपये प्रति टन कर दिया गया है। यह दर 10.25 प्रतिशत चीनी रिकवरी के आधार पर तय की गई है और कृषि मूल्य आयोग की सिफारिशों के अनुसार निर्धारित की गई है। 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले नए पेराई मौसम में सभी चीनी मिलों के लिए इस दर को लागू करना अनिवार्य होगा।
आगामी सत्र के लिए गन्ने की औसत उत्पादन लागत 1820 रुपये प्रति टन मानी गई है। घोषित 3650 रुपये की एफआरपी उत्पादन लागत से 100.5 प्रतिशत अधिक है। केंद्र सरकार का कहना है कि, इससे किसानों को बेहतर आय प्राप्त होगी। वर्तमान 2025-26 सत्र की तुलना में यह वृद्धि 2.81 प्रतिशत अधिक है, जिससे देश के लगभग 5 करोड़ गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। जिन चीनी मिलों की रिकवरी 9.5 प्रतिशत या उससे कम है, उनके क्षेत्र के किसानों को न्यूनतम 3380 रुपये प्रति टन का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।


















