फिजी : एफएससी की ट्रामलाइन बंद करने की योजना पर बढ़ी चिंता, गन्ना किसानों का विरोध

सुवा : शुगर केन ग्रोअर्स काउंसिल (एससीजीसी) ने फिजी शुगर कॉरपोरेशन (एफएससी) की उस योजना का औपचारिक विरोध किया है, जिसके तहत वर्ष 2026 से रारावाई और लौतोका मिलों की ट्रामलाइन सेवाएं बंद करने का प्रस्ताव रखा गया है। काउंसिल ने इस मामले में शुगर इंडस्ट्री ट्रिब्यूनल के निर्देशों का इंतजार करने की बात कही है। एससीजीसी का कहना है कि, ट्रामलाइन व्यवस्था कई पीढ़ियों से किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही है, खासकर उन इलाकों में जहां सड़क संपर्क, ट्रकों की उपलब्धता और बढ़ती ईंधन लागत बड़ी समस्या बनी हुई है।

काउंसिल ने स्पष्ट किया कि, रेल प्रणाली को बंद करने से जुड़ा कोई भी फैसला केवल परिचालन लागत बचाने के बजाय किसानों के हितों को प्राथमिकता देकर लिया जाना चाहिए। यदि ट्रामलाइन सेवाएं बंद कर दी गईं तो प्रभावित किसानों को पूरी तरह ट्रकों पर निर्भर होना पड़ेगा। इससे ढुलाई खर्च बढ़ेगा और सीमित परिवहन क्षमता पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा, जबकि खेती की लागत पहले से ही लगातार बढ़ रही है। वहीं, विपक्षी सांसद और किसान वियम पिल्लै ने कहा कि, ट्रामलाइन बंद करके एफएससी किसानों को “ईंधन जाल” में धकेल रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने बताया कि, वर्तमान में डीजल की कीमत 3.82 डॉलर प्रति लीटर है, जिसमें सरकार 0.62 डॉलर प्रति लीटर टैक्स और वैट के रूप में वसूल रही है। उन्होंने कहा, कम लागत वाली और प्रभावी रेल व्यवस्था को खत्म कर हमें ट्रकों के किराए और आसमान छूती ईंधन कीमतों के भरोसे छोड़ दिया जा रहा है। जब एफएससी कहती है कि वह लागत बचा रही है, तो वास्तव में वह अपनी परिचालन विफलताओं का बोझ किसानों पर डाल रही है। हमसे मिल मालिकों की अक्षमता की कीमत अपने अस्तित्व से चुकाने को कहा जा रहा है।

पिल्लै ने एफएससी को दिए गए सार्वजनिक धन के उपयोग पर भी सवाल उठाए हैं, जिसमें 15 मिलियन डॉलर कार्यशील पूंजी और 5.5 मिलियन डॉलर बुनियादी ढांचे के लिए दिए गए थे। उन्होंने याद दिलाया कि, पूर्व चीनी मंत्री ने पहले आश्वासन दिया था कि भारतीय तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से रेल प्रणाली को पुनर्जीवित किया जाएगा। पिल्लै ने पुष्टि की कि वह इस फैसले के विरोध में एससीजीसी के साथ खड़े हैं। इस प्रस्ताव को लेकर फिजी शुगर कॉरपोरेशन से भी सवाल पूछे गए हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here