नीति आयोग ने स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए नीतिगत रोडमैप जारी किया

नई दिल्ली : नीति आयोग ने “भारत में स्कूली शिक्षा प्रणाली: कालिक विश्लेषण और गुणवत्ता संवर्धन के लिए नीतिगत रोडमैप” शीर्षक से एक नीति रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में भारत की स्कूली शिक्षा प्रणाली का एक दशक लंबा व्यापक मूल्यांकन और नामांकन विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है तथा देशभर में शिक्षा की गुणवत्ता और समान अधिगम परिणामों को बेहतर बनाने के लिए सिफारिशें की गई हैं। इस रिपोर्ट को बुधवार को नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी और मुख्य कार्यकारी अधिकारी निधि छिब्बर ने जारी किया।

रिपोर्ट में भारत की स्कूली शिक्षा प्रणाली का विश्लेषण कई मापदंडों के आधार पर किया गया है, जिनमें पहुंच और नामांकन, बुनियादी ढांचा, समानता और समावेश तथा अधिगम परिणाम शामिल हैं। इसके लिए यूडाइज+ 2024-25, परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024, राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण 2017 और 2021 तथा असर 2024 के आंकड़ों का उपयोग किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि आज भारत की स्कूली शिक्षा प्रणाली में 14.71 लाख स्कूल हैं जो 24.69 करोड़ से अधिक छात्रों को शिक्षा प्रदान करते हैं, जिससे यह दुनिया की सबसे बड़ी स्कूली शिक्षा प्रणाली बन जाती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रिपोर्ट के अनुसार, इसमें प्रस्तुत कालिक विश्लेषण से स्कूली बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय प्रगति सामने आई है, खासकर बिजली की आपूर्ति, कार्यात्मक स्वच्छता सुविधाओं और समावेशी बुनियादी ढांचे के मामले में। इसके साथ ही स्कूलों में कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी और स्मार्ट कक्षाओं की बेहतर उपलब्धता के जरिए डिजिटल शिक्षण पारिस्थितिकी तंत्र का भी उल्लेखनीय विस्तार हुआ है।

रिपोर्ट में समानता और समावेश के क्षेत्र में भी उत्साहजनक प्रगति दर्ज की गई है, विशेष रूप से लड़कियों की भागीदारी और शिक्षा के विभिन्न स्तरों पर अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के छात्रों के नामांकन में सुधार के संदर्भ में। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, निपुण भारत मिशन और समग्र शिक्षा अभियान जैसी पहलों के सहयोग से महामारी के बाद अधिगम परिणामों में, विशेष रूप से बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान में, सुधार के संकेत भी देखने को मिले हैं।

इस नीति दस्तावेज में 11 प्रमुख प्रणालीगत और शैक्षणिक चुनौतियों की पहचान की गई है तथा स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए 13 व्यापक सिफारिशों वाला एक रोडमैप प्रस्तावित किया गया है। आठ प्रणालीगत सिफारिशों में समग्र स्कूलों के जरिए स्कूल संरचना में सुधार, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, शासन सुधार, शिक्षक तैनाती और व्यावसायिक विकास, डिजिटल शिक्षण का विस्तार तथा समानता और समावेश को बढ़ावा देना शामिल है। पांच शैक्षणिक सिफारिशें शिक्षाशास्त्र और मूल्यांकन में बदलाव, बुनियादी अधिगम को मजबूत करने, समग्र शिक्षा और छात्र कल्याण को प्रोत्साहित करने, व्यावसायिक शिक्षा के एकीकरण और शैक्षणिक नवाचार के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग के विस्तार पर केंद्रित हैं।

जारी विज्ञप्ति के अनुसार, रिपोर्ट में अल्पकालिक, मध्यकालिक और दीर्घकालिक समयसीमाओं में 33 कार्यान्वयन मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं और प्रगति पर नजर रखने के लिए 125 से अधिक मापने योग्य प्रदर्शन संकेतक शामिल हैं। इसके साथ ही इसमें देशभर के केंद्र, राज्यों और जिलों में अच्छी प्रथाओं के केस स्टडी भी दिए गए हैं। (एएनआई)

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here