एलपीजी और टमाटर की बढ़ती कीमतों से अप्रैल में महंगी हुई शाकाहारी और मांसाहारी थाली : क्रिसिल रिपोर्ट

नई दिल्ली : अप्रैल 2026 में घर पर बनने वाली शाकाहारी और मांसाहारी दोनों प्रकार की थालियों की लागत में सालाना आधार पर 2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसकी मुख्य वजह टमाटर, खाद्य तेल और एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतें रहीं। यह जानकारी क्रिसिल इंटेलिजेंस की नवीनतम “रोटी राइस रेट” रिपोर्ट में दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम भारत में प्रचलित खाद्य सामग्री की कीमतों के आधार पर थाली की औसत लागत का आकलन किया गया।इसमें अनाज, दालें, ब्रॉयलर चिकन, सब्जियां, मसाले, खाद्य तेल और रसोई गैस की कीमतों को प्रमुख कारक माना गया।

रिपोर्ट में बताया गया कि, अप्रैल 2026 में टमाटर की कीमत 38 प्रतिशत बढ़कर 29 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में इसकी कीमत 21 रुपये प्रति किलोग्राम थी। दक्षिणी राज्यों में खेती का रकबा कम होने से उत्पादन में 3 से 4 प्रतिशत की गिरावट आई, जिसके कारण कीमतों में तेजी देखी गई। वैश्विक आपूर्ति बाधाओं के कारण खाद्य तेल और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी सालाना आधार पर 7-7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिससे घरेलू रसोई खर्च और बढ़ गया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

आने वाले महीनों में टमाटर की कीमतें और बढ़ सकती हैं।जुलाई-अगस्त के दौरान कमजोर बुवाई और उत्तरी क्षेत्रों में संभावित हीटवेव के कारण उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, प्याज, आलू और दालों की कीमतों में कमी से थाली की लागत में कुछ राहत भी मिली। रिपोर्ट के अनुसार, प्याज की कीमतों में 16 प्रतिशत की गिरावट आई, जिसका कारण देर से आने वाली खरीफ फसल, रबी उत्पादन और कमजोर निर्यात रहा।

आलू की कीमतें भी 14 प्रतिशत घटीं क्योंकि रबी उत्पादन में 2 से 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और कोल्ड स्टोरेज में रखा स्टॉक बाजार में उतारा गया। वहीं, अरहर दाल के शुल्क-मुक्त आयात के कारण दालों की कीमतों में 4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि, मांसाहारी थाली की लागत में वृद्धि का एक कारण ब्रॉयलर चिकन की कीमतों में लगभग 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही। भीषण गर्मी के कारण पोल्ट्री में मृत्यु दर बढ़ने और आपूर्ति घटने से चिकन महंगा हुआ।मासिक आधार पर अप्रैल में शाकाहारी थाली की लागत स्थिर रही, जबकि मांसाहारी थाली की कीमत में 1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here