नई दिल्ली : भारत सरकार ने बताया कि, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान तंत्र के तहत वर्ष 2014 से 2025 के बीच 2,996 जलवायु-अनुकूल फसल किस्में विकसित और जारी की गई हैं। यह जानकारी राष्ट्रीय सतत कृषि मिशन (NMSA) से संबंधित आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई। सरकार के अनुसार, जलवायु परिवर्तन से खेती पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने और कृषि को अधिक टिकाऊ बनाने के लिए कई आधुनिक कृषि तकनीकों को भी बढ़ावा दिया गया है। इनमें डायरेक्ट-सीडेड धान, जीरो-टिल गेहूं, तनाव-सहिष्णु फसलें तथा फसल अवशेष प्रबंधन जैसी पद्धतियां शामिल हैं।
ICAR ने वर्ष 2011 में ‘राष्ट्रीय जलवायु अनुकूल कृषि नवाचार कार्यक्रम’ (NICRA) शुरू किया था, जिसका उद्देश्य जलवायु-अनुकूल कृषि तकनीकों का विकास और प्रसार करना है। इस कार्यक्रम के तहत किसानों और अन्य हितधारकों को जलवायु परिवर्तन से निपटने के उपायों पर प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता दी जा रही है। सरकार ने बताया कि NICRA कार्यक्रम सूखा, बाढ़ और हीटवेव जैसी चरम मौसम घटनाओं से निपटने के लिए कृषि प्रणालियों की अनुकूलन क्षमता बढ़ाने पर भी काम कर रहा है।
विज्ञप्ति के अनुसार, IPCC प्रोटोकॉल के तहत देश के 651 कृषि जिलों में जलवायु संवेदनशीलता का आकलन किया गया, जिनमें से 310 जिलों को अत्यधिक संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा, 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 151 संवेदनशील जिलों के 448 गांवों में ‘जलवायु अनुकूल गांव’ स्थापित किए गए हैं, जहां नई तकनीकों का प्रदर्शन कर किसानों को जागरूक किया जा रहा है। सरकार ने कहा कि राष्ट्रीय सतत कृषि मिशन के तहत जल संरक्षण, मिट्टी की सेहत सुधारने और टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

















