लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर सहफसली खेती (इंटरक्रॉपिंग) की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं। यहां गन्ने के साथ हल्दी की खेती किसानों के लिए मुनाफे का सौदा साबित हो रही है। इस मॉडल से किसानों को एक ही खेत से दो फसलों का उत्पादन मिल रहा है, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो रही है। न्यूज़ 18 में प्रकाशित खबर के अनुसार, किसानों का कहना है कि गन्ने की चौड़ी कतारों के बीच हल्दी की बुवाई करने से खेत का बेहतर उपयोग होता है। इससे अतिरिक्त जमीन की जरूरत नहीं पड़ती और कम लागत में अतिरिक्त आय का स्रोत तैयार हो जाता है।
कीटों का प्रकोप भी होता है कम…
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, हल्दी की तेज सुगंध और उसमें मौजूद प्राकृतिक तत्व कुछ हद तक कीटों के प्रकोप को कम करने में सहायक हो सकते हैं। हालांकि, जरूरत पड़ने पर वैज्ञानिक तरीकों से कीट प्रबंधन करना भी आवश्यक है। इस खेती मॉडल से फसल की सुरक्षा बेहतर होती है और रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता भी कम हो सकती है।
किसानों के लिए लाभदायक साबित हो रहा मॉडल…
सहफसली खेती अपनाने से किसानों की लागत कम होती है, खेती का जोखिम घटता है और एक ही खेत से अतिरिक्त आय प्राप्त होती है। यही वजह है कि लखीमपुर खीरी के कई किसान इस मॉडल को अपनाकर बेहतर मुनाफा कमा रहे हैं और अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
ऑर्गेनिक हल्दी की बढ़ रही मांग…
प्रगतिशील किसान नत्थूलाल शुक्ला ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से गन्ने के साथ सहफसली के रूप में हल्दी की खेती कर रहे हैं। उनके अनुसार हल्दी एक औषधीय फसल है, जिसकी बाजार में लगातार मांग बनी रहती है। कम लागत में इसकी खेती से अच्छा लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि, बाजार में मिलने वाली अधिकांश हल्दी रासायनिक तरीकों से तैयार की जाती है, जबकि वे अपने खेत में जैविक (ऑर्गेनिक) तरीके से हल्दी की खेती कर रहे हैं, जिससे उत्पाद की गुणवत्ता बेहतर रहती है और बाजार में अच्छा मूल्य मिलता है।
एक लाइन से 4 से 5 क्विंटल तक हल्दी का उत्पादन…
नत्थूलाल शुक्ला के मुताबिक, गन्ने की लगभग पांच फीट चौड़ी कतारों के बीच एक लाइन हल्दी लगाई जाती है। इस पद्धति से हल्दी का उत्पादन काफी अच्छा मिलता है। उन्होंने बताया कि एक लाइन से करीब 4 से 5 क्विंटल हल्दी का उत्पादन प्राप्त होता है। वर्तमान में वे लगभग एक एकड़ क्षेत्र में गन्ना और हल्दी की सहफसली खेती कर रहे हैं।


















