बिलासपुर : भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान किसानों को बिना शर्त पर्याप्त यूरिया खाद उपलब्ध कराने, गन्ने का समर्थन मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने और कृषि संबंधी सुविधाएं बढ़ाने की मांग उठाई गई। जिलाध्यक्ष मोहम्मद सलीम वारसी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। प्रदर्शन से पहले पार्क में पंचायत आयोजित कर विभिन्न मांगों को लेकर रणनीति बनाई गई। बाद में कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्य भवन के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उप जिलाधिकारी अरुण कुमार ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन स्वीकार किया और किसानों की बात सुनी।
भाकियू नेताओं ने कहा कि किसानों को इस समय यूरिया खाद की भारी जरूरत है, लेकिन सरकार द्वारा सीमित आपूर्ति किए जाने से किसानों में नाराजगी है। संगठन ने मांग की कि किसानों को बिना किसी शर्त के पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन में खाद, बीज, कीटनाशक और कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत सब्सिडी देने की मांग भी की गई है। इसके अलावा किसानों के सभी कर्ज एकमुश्त माफ करने, 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने और बंद पड़ी नलकूप योजना को दोबारा शुरू करने की मांग उठाई गई। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। आगामी महापंचायत में भी इन मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।


















