दरभंगा : वर्षों से बंद पड़ी रैयाम चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की दिशा में बिहार सरकार की पहल से किसानों और स्थानीय व्यापारियों में खुशी की लहर है। लोगों का मानना है कि मिल के फिर से चालू होने से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। हाल ही में गन्ना विभाग के कमिश्नर ने मिल परिसर और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया, जिसके बाद किसानों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। किसानों का कहना है कि चीनी मिल शुरू होने से गन्ना खेती को फिर से बढ़ावा मिलेगा और इलाके की आर्थिक तस्वीर बदल सकती है।
गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए विभागीय अधिकारियों ने किसानों को प्रेरित करना शुरू कर दिया है। प्रगतिशील किसानों को बीज के लिए गन्ना उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार के निर्देश पर क्षेत्र में गन्ना सर्वे और किसानों का डाटा तैयार करने की योजना भी बनाई जा रही है। साथ ही किसानों को तकनीकी सहायता और उन्नत बीज उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।रैयाम चीनी मिल बंद होने के बाद हजारों किसानों की आय प्रभावित हुई थी। मिल के दोबारा शुरू होने से न केवल किसानों को फायदा होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए भी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। क्षेत्र के लोगों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए जल्द से जल्द मिल चालू कराने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि मिल बंद होने के बाद लोग गन्ना खेती से दूर हो गए थे। पहले गन्ना खेती के कारण किसान आर्थिक रूप से मजबूत थे, लेकिन अब दूसरी फसलों से उन्हें वैसी आय नहीं मिल रही। गौरतलब है कि रैयाम चीनी मिल वर्ष 1993-94 में पुरानी और जर्जर मशीनों के कारण कम पेराई क्षमता होने से बंद हो गई थी। इसके बंद होने से करीब एक हजार स्थायी, अस्थायी और मौसमी कर्मचारी बेरोजगार हो गए थे। पूर्व ओएस गणपति मिश्र के अनुसार, रैयाम में चीनी मिल के लिए पर्याप्त और उपयुक्त भूमि उपलब्ध है, जिससे इसे दोबारा शुरू करने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।


















