महाराष्ट्र : कम रिकवरी दिखाकर चीनी मिलों द्वारा नौ हजार करोड़ रुपये की चीनी चोरी; किसान नेता का गंभीर आरोप

पुणे : महाराष्ट्र की चीनी मिलें गन्ने की कम चीनी रिकवरी दिखाकर हर पेराई सीजन में औसतन नौ हजार करोड़ रुपये की चीनी चोरी कर रही हैं। यह गंभीर आरोप किसान संगठन के अध्यक्ष रघुनाथदादा पाटील ने लगाया है। उन्होंने महात्मा फुले कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक अध्ययन का हवाला देते हुए यह दावा किया।

किसान संगठन ने पाडेगांव स्थित केंद्रीय गन्ना अनुसंधान केंद्र से गन्ने की रिकवरी संबंधी जानकारी मांगी थी। अनुसंधान केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार ‘को 86032’ और ‘को-एम 265’ गन्ना प्रजातियों से मिलने वाली चीनी रिकवरी का विवरण दिया गया है। इसमें सबसे अधिक बोई जाने वाली ‘को 86032’ प्रजाति के 12 महीने पुराने गन्ने से 13.59 प्रतिशत तथा 14 महीने पुराने गन्ने से 15.75 प्रतिशत तक चीनी रिकवरी मिलने की बात सामने आई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस आधार पर पाटील ने सवाल उठाते हुए कहा कि, सरकारी अनुसंधान केंद्र के गन्ने से 15 प्रतिशत से अधिक रिकवरी मिलती है, लेकिन चीनी मिलें किसानों के गन्ने की रिकवरी हमेशा कम दिखाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, राज्य सरकार भी इस मामले को जानबूझकर नजरअंदाज कर रही है।पाटील ने कहा, एक टन गन्ने से सामान्यतः 150 किलो चीनी प्राप्त होती है, लेकिन मिलें 10 से 12 प्रतिशत की गलत रिकवरी दिखाकर केवल 120 किलो चीनी उत्पादन दर्शाती हैं। बाकी 30 किलो चीनी को काले बाजार में बेचा जाता है। यदि चीनी का बाजार भाव 40 रुपये प्रति किलो माना जाए तो प्रति टन लगभग 1200 रुपये की चीनी चोरी होती है।

उन्होंने दावा किया कि, पिछले पेराई सीजन में राज्य में करीब 8 करोड़ टन गन्ने की पेराई हुई थी। ऐसे में कथित रिकवरी चोरी के कारण किसानों को नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। पाटील ने यह भी कहा कि, नई गन्ना नियंत्रण नीति में रिकवरी चोरी रोकने के लिए कोई प्रभावी प्रावधान नहीं है, जिससे चीनी मिलों को यह प्रक्रिया जारी रखने में आसानी हो रही है।

हवाई दूरी की शर्त हटाने की मांग

रघुनाथदादा पाटील ने दो चीनी मिलों के बीच निर्धारित हवाई दूरी की शर्त को चीनी उद्योग में भ्रष्टाचार की जड़ बताया और इसे समाप्त करने की मांग की। उनका कहना है कि, यह शर्त हटने पर किसान और नए उद्यमी छोटे चीनी कारखाने स्थापित कर सकेंगे, जिससे उद्योग में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। उन्होंने दावा किया कि, किसान संगठन भी कम पूंजी में अपना चीनी कारखाना शुरू कर सकेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here