सरकार आखिर करना क्या चाहती है? फरवरी में निर्यात की मंजूरी, मई में सीधी रोक : चीनी निर्यात बंदी पर भड़के पूर्व सांसद राजू शेट्टी

कोल्हापुर : केंद्र सरकार द्वारा चीनी निर्यात पर लगाई गई रोक को लेकर स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के संस्थापक और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि, इस फैसले का सबसे बड़ा नुकसान गन्ना उत्पादक किसानों को होगा और सरकार का यह निर्णय पूरी तरह गलत है। केंद्र सरकार ने बुधवार को तत्काल प्रभाव से 30 सितंबर तक या अगले आदेश तक चीनी निर्यात पर प्रतिबंध लागू कर दिया। सरकार का कहना है कि, देश में चीनी उत्पादन घटने की आशंका को देखते हुए घरेलू बाजार में कीमतों को नियंत्रित रखना और पर्याप्त स्टॉक बनाए रखना इस फैसले का मुख्य उद्देश्य है।

राजू शेट्टी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, चीनी उद्योग और गन्ना किसानों की हालत ऐसी हो गई है कि न सरकार राहत दे रही है और न ही कमाने का मौका छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि, पिछले कई वर्षों से केंद्र सरकार ने चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) नहीं बढ़ाया है। इससे चीनी के दाम स्थिर बने हुए हैं और मिलों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा।शेट्टी ने सवाल उठाया कि, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी को अच्छा भाव मिल रहा है, तो फिर निर्यात पर रोक लगाने का क्या मतलब है? सरकार खुद चीनी के दाम नहीं बढ़ा रही और दूसरी तरफ निर्यात भी रोक रही है, ऐसे में चीनी मिलें और किसान आखिर क्या करें?

ChiniMandi WhatsApp Channel

शेट्टी ने कहा कि, इस स्थिति का सीधा असर गन्ना किसानों पर पड़ रहा है। चीनी और उससे बनने वाले उप-उत्पादों से मिलने वाले लाभ में किसानों को ज्यादा हिस्सा मिलना चाहिए, लेकिन चीनी के दाम न बढ़ने से मिलों की आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो रही है। राजू शेट्टी के अनुसार, देशभर में गन्ना किसानों का करीब 12 हजार करोड़ रुपये का भुगतान बकाया है, जबकि महाराष्ट्र में ही लगभग 3 हजार करोड़ रुपये की देनदारी लंबित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि, गन्ना मूल्य नियंत्रण अधिनियम 1966 के अनुसार किसानों का भुगतान 14 दिनों के भीतर नहीं होने पर चीनी मिलों पर कार्रवाई का प्रावधान है, लेकिन इस कानून का पालन नहीं किया जा रहा। शेट्टी ने यह भी कहा कि, रासायनिक खादों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। सरकार किसानों से खाद का उपयोग कम करने की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ मिलें किसानों का भुगतान समय पर नहीं कर रही हैं। ऐसे में किसान खेती कैसे करें, यह सबसे बड़ा सवाल है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here