पीलीभीत : भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) की तहसील स्तरीय मासिक पंचायत सदर तहसील में तहसील अध्यक्ष नंद किशोर राठौर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए तहसील प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई गई। किसानों की मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
पंचायत में किसानों ने आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। किसानों ने बिजली और पानी की समस्या, स्मार्ट मीटरों के बढ़े हुए बिल, एकल शिक्षा नीति, गन्ने के बकाया भुगतान, चकबंदी विभाग की लापरवाही, फर्जी निस्तारण, आवारा पशुओं और जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान जैसे मुद्दे उठाए। इसके अलावा डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों, किसान आयोग के गठन, चकरोड और मेड़बंदी की समस्याओं तथा राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों की कथित मनमानी को लेकर भी पंचायत में नाराजगी व्यक्त की गई।
जिलाध्यक्ष भजनलाल क्रोधी ने कहा कि, किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है और किसी भी स्थिति में किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान जल्द किया जाए तथा आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित किया जाए, ताकि किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके। पंचायत में जिला उपाध्यक्ष बाबूराम वर्मा, ओमप्रकाश राजपूत, जिला सचिव डालचंद्र मौर्य, बालमुकुंद प्रजापति, जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।


















