रुपये में गिरावट से खत्म हो सकता है ईंधन कीमत बढ़ोतरी का फायदा : एसबीआई रिसर्च

नई दिल्ली : एसबीआई रिसर्च की इकोरैप रिपोर्ट में कहा गया है कि, भारतीय रुपये की स्थिति एक बेहद महत्वपूर्ण स्तर पर पहुंच चुकी है। यदि रुपये में और गिरावट होती है, तो पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में की गई 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से मिलने वाला पूरा लाभ समाप्त हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, रुपये में केवल 2 रुपये की अतिरिक्त गिरावट से कच्चे तेल के आयात की लागत काफी बढ़ जाएगी, जिससे ईंधन मूल्य वृद्धि से तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को मिलने वाला फायदा पूरी तरह खत्म हो सकता है।

रिपोर्ट में बताया गया कि, पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में लंबे समय से बदलाव नहीं होने के कारण ऑयल मार्केटिंग कंपनीज (OMCs) को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। एसबीआई रिसर्च के मुताबिक, ओएमसी कंपनियों को प्रतिदिन लगभग 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है, जो सालाना करीब 3.6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। ईंधन कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से ओएमसी कंपनियों को लगभग 52,700 करोड़ रुपये की राहत मिलने का अनुमान है, लेकिन यह वित्त वर्ष 2026-27 में अनुमानित कुल घाटे का केवल 15 प्रतिशत ही कवर कर पाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रिपोर्ट में कहा गया कि, यदि वित्त वर्ष 2026-27 में डॉलर के मुकाबले औसत विनिमय दर 94 रुपये और कच्चे तेल की कीमत 106 डॉलर प्रति बैरल रहती है, तो आयातित कच्चे तेल की लागत लगभग 9,964 रुपये प्रति बैरल तक पहुंच जाएगी। एसबीआई रिसर्च ने यह भी कहा कि, भारत को बाहरी आर्थिक जोखिमों से निपटने के लिए व्यापक नीति अपनाने की जरूरत है। रिपोर्ट में भुगतान संतुलन (Balance of Payments) को लेकर समग्र रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधाओं के कारण वैश्विक कच्चे तेल बाजार पर दबाव बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया है कि भंडार घटने की वजह से कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव आगे भी बना रह सकता है।

महंगाई के मोर्चे पर एसबीआई रिसर्च ने अनुमान जताया कि ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का मई-जून 2026 के दौरान उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) आधारित महंगाई पर 15 से 20 बेसिस प्वाइंट तक असर पड़ सकता है। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 के लिए महंगाई दर का अनुमान बढ़ाकर 4.7 प्रतिशत कर दिया गया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here