आंध्र प्रदेश : मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पेट्रोल में 40 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण की वकालत की

विजयवाड़ा : मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र सरकार से पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की सीमा वर्तमान 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि, इससे भारत की कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम होगी, विदेशी मुद्रा की बचत होगी और गन्ना तथा मक्का उगाने वाले किसानों को लाभ मिलेगा। नायडू ने यह मांग सीधे केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के समक्ष रखी और बताया कि इस विषय पर उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा है। उन्होंने ब्राजील जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि, वहां एथेनॉल मिश्रण का स्तर काफी अधिक है, इसलिए भारत को भी ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और पेट्रोलियम आयात का बोझ कम करने के लिए अधिक मिश्रण अनुपात की दिशा में तेजी से आगे बढ़ना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, वर्तमान एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के कारण देश को अब तक लगभग 1.1 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बचाने और करीब 500 लाख टन कार्बन उत्सर्जन कम करने में सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि, इस योजना के माध्यम से देशभर के किसानों को सामूहिक रूप से 87,558 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है। उनका कहना था कि, एथेनॉल मिश्रण का प्रतिशत बढ़ाने से कृषि समुदाय की आय में और वृद्धि होगी।नायडू ने कहा कि, आंध्र प्रदेश मक्का उत्पादन में अग्रणी राज्यों में शामिल है और मिश्रण लक्ष्य बढ़ने से मक्का की मांग में भारी वृद्धि होगी, क्योंकि यह एथेनॉल उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हालांकि, उन्होंने चिंता जताई कि मक्का किसानों को वर्तमान में सरकार द्वारा निर्धारित 2,400 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ नहीं मिल रहा है, क्योंकि जमीन स्तर पर इस दर पर खरीद नहीं हो रही। रिपोर्ट के अनुसार, खुले बाजार में मक्का की कीमत 1,700 से 1,800 रुपये प्रति क्विंटल तक गिर गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से देश और किसानों के हित में एथेनॉल मिश्रण अनुपात बढ़ाने पर जल्द निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में नई दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने इस मुद्दे को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष भी उठाया था।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here