तेल कंपनियों का दैनिक घाटा घटकर 750 करोड़ रुपये हुआ : पेट्रोलियम मंत्रालय

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की आपूर्ति में बाधाओं के बीच भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) का दैनिक घाटा घटकर 750 करोड़ रुपये रह गया है, जो पहले लगभग 1,000 करोड़ रुपये प्रतिदिन था। यह जानकारी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने सोमवार को आयोजित अंतर-मंत्रालयी प्रेस ब्रीफिंग में दी।यह स्थिति ऐसे समय में सामने आई है जब सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। वहीं मुंबई और दिल्ली जैसे शहरों में सीएनजी की कीमतों में भी 2 रुपये की वृद्धि की गई है।

पिछले सप्ताह केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया था कि, तेल विपणन कंपनियां पेट्रोल, डीजल और एलपीजी को लागत से कम कीमत पर बेचने के कारण प्रतिदिन करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठा रही थीं।प्रेस ब्रीफिंग के दौरान सुजाता शर्मा ने कहा कि, देश की रिफाइनरियां पूरी तरह संचालित हो रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, किसी भी पेट्रोल पंप, डीजल आउटलेट या एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर पर ईंधन की कमी की स्थिति नहीं बनी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, अफवाहों के कारण कुछ स्थानों पर घबराहट में खरीदारी देखी गई, लेकिन सरकार ने तुरंत आपूर्ति बढ़ाकर स्थिति को नियंत्रित किया।उन्होंने कहा, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घरेलू एलपीजी की आपूर्ति भी बिना किसी बाधा के जारी है, हालांकि वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति फिलहाल सामान्य स्तर के लगभग 70 प्रतिशत पर चल रही है।

शर्मा ने बताया कि, संकट के बावजूद सरकार गैस अवसंरचना का विस्तार जारी रखे हुए है। मार्च से अब तक लगभग 7.37 लाख पीएनजी कनेक्शन सक्रिय किए गए हैं, जबकि 2.76 लाख अतिरिक्त कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया जा चुका है। 7.76 लाख से अधिक लोगों ने नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है, हालांकि पिछले दिन तक करीब 58 हजार उपभोक्ताओं ने अपने पीएनजी कनेक्शन वापस भी किए हैं।

एलपीजी वितरण को लेकर उन्होंने बताया कि, पिछले चार दिनों में लगभग 1.72 लाख घरेलू गैस सिलेंडर वितरित किए गए हैं और इस दौरान बुकिंग में भी तेज वृद्धि दर्ज की गई है।उन्होंने कहा कि, यूरिया संयंत्र अपनी प्राकृतिक गैस आवश्यकता के 96 प्रतिशत स्तर पर काम कर रहे हैं और सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों को 80 प्रतिशत तक गैस आपूर्ति बढ़ाई गई है। वाणिज्यिक क्षेत्र को भी GAIL और अन्य आपूर्तिकर्ताओं द्वारा पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

शर्मा ने बताया कि, इस महीने की शुरुआत से अब तक रिफाइनरियों ने 8,730 टन प्रोपलीन और 3,420 टन ब्यूटाइल एक्रिलेट की बिक्री की है, जिससे डाउनस्ट्रीम उद्योगों को सहायता मिली है।जमाखोरी और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पिछले चार दिनों में करीब 2,800 पेट्रोल पंपों और एलपीजी वितरकों पर औचक निरीक्षण भी किए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घबराहट में खरीदारी न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें। सरकार देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता और आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here