नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने 25 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल यानी E25 ईंधन का मौजूदा वाहनों पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन करने की जिम्मेदारी देश की प्रमुख वाहन परीक्षण एजेंसी एआरएआई को सौंपी है। इस अध्ययन में खासतौर पर वाहनों की माइलेज, इंजन की स्थिति और प्रदर्शन के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण किया जाएगा। सरकार कच्चे तेल के आयात को कम करने के उद्देश्य से एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में यह कदम उठाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पिछले सप्ताह अंतर-मंत्रालयी समूह की बैठक में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने कहा कि मौजूदा 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण से 1 प्रतिशत अधिक बढ़ोतरी करना बड़ी समस्या नहीं होगी। हालांकि 25 प्रतिशत मिश्रण एक बड़ा बदलाव होगा, इसलिए एआरएआई अब E10 और E20 मानकों वाले वाहनों पर विस्तृत अध्ययन करेगा।
जानकारों का कहना है कि, देश में एथेनॉल की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन ऐसे वाहनों की क्षमता, माइलेज, इंजन की उम्र, उत्सर्जन और रखरखाव लागत का मूल्यांकन जरूरी है, जिन्हें अधिक एथेनॉल मिश्रण के हिसाब से डिजाइन नहीं किया गया है। सही आकलन के लिए वाहनों को 60 हजार से 70 हजार किलोमीटर तक चलाकर परीक्षण किया जाएगा।
एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की सरकारी नीति के बाद ऑटोमोबाइल कंपनियों ने वर्ष 2010 से E10 अनुकूल वाहन बनाना शुरू कर दिया था। वहीं E20 मानकों वाले वाहनों का उत्पादन 2023 से शुरू हुआ और अप्रैल 2025 से सभी नए वाहन E20 ईंधन और सामग्री के अनुरूप बनाए जा रहे हैं। इस बीच पेट्रोलियम मंत्रालय ने अंतर-मंत्रालयी समूह को बताया कि उसने वित्त मंत्रालय को ई85 या उससे अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन पर जीएसटी को मौजूदा 15 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने की सिफारिश की है। इससे वाहन निर्माता कंपनियों को ऐसे वाहन बनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
दो साल पहले गठित अंतर-मंत्रालयी समूह, जिसे उच्च एथेनॉल मिश्रण के लिए रोडमैप तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी, अगले सप्ताह अपनी रिपोर्ट सौंप सकता है।कुछ ऑटोमोबाइल कंपनियां अगले महीने फ्लेक्स फ्यूल कार और बाइक लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं, जो अधिक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल और यहां तक कि 100 प्रतिशत एथेनॉल पर भी चल सकेंगी।


















